Advertisement
Advertisement
होम / Anil Vij will hoist Flag in Yamunanagar: हरियाणा में स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण की संशोधित सूची जारी, अनिल विज को मिला यमुनानगर का दायित्व

Anil Vij will hoist Flag in Yamunanagar: हरियाणा में स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण की संशोधित सूची जारी, अनिल विज को मिला यमुनानगर का दायित्व

BY: • LAST UPDATED : August 13, 2025
Inkhabar Haryana, Anil Vij will hoist Flag in Yamunanagar: हरियाणा सरकार ने स्वतंत्रता दिवस 2025 के अवसर पर मंत्रियों, विधानसभा पदाधिकारियों और राज्यपाल के ध्वजारोहण स्थलों की संशोधित सूची जारी कर दी है। इस नई सूची में सबसे बड़ा बदलाव वरिष्ठ मंत्री अनिल विज को लेकर किया गया है। पहले मंगलवार को जारी सूची में उन्हें किसी भी स्थान पर ध्वजारोहण का दायित्व नहीं दिया गया था, बल्कि केवल अंबाला में राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष के समारोह में शामिल होने का उल्लेख था। बुधवार को आई संशोधित सूची के अनुसार अब अनिल विज यमुनानगर में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।

पहले सूची से बाहर अब मिली जिम्मेदारी

इस बदलाव को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है। बीते 21 दिनों में यह दूसरी बार है जब शुरुआत में अनिल विज को किसी जिम्मेदारी से दूर रखा गया और बाद में स्थिति बदली। इससे पहले 22 जुलाई को भाजपा ने विधानसभा चुनाव में हारी 42 सीटों की जिम्मेदारी मंत्रियों और विधायकों को सौंपी थी, लेकिन उस समय भी विज को किसी विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी नहीं दी गई थी। उस दौरान एक मंत्री ने इसका कारण विज की बीमारी बताकर विवाद को और बढ़ा दिया था। हालांकि अगले ही दिन संबंधित मंत्री ने विज से मुलाकात कर बयान को तोड़-मरोड़कर पेश करने की बात कही, जबकि विज ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की।

संशोधित सूची में कौन-कहां फहराएगा तिरंगा

मुख्य सचिव की ओर से जारी पत्र के मुताबिक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रोहतक, राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष अंबाला, अनिल विज यमुनानगर/जगाधरी, विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण पानीपत, विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण कुमार मिड्ढा सोनीपत, विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार – थानेसर/कुरुक्षेत्र, उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह रेवाड़ी, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा – कैथल, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल महेंद्रगढ़, सहकारिता मंत्री अरविंद कुमार शर्मा करनाल, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा गुरुग्राम, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा – फतेहाबाद, सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी – हिसार, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी – पंचकूला, स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव – नूंह, खाद्य आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर – सिरसा, खेल मंत्री गौरव गौतम – फरीदाबाद है।