Inkhabar Haryana, Arjun Chautala: हरियाणा विधानसभा में कल से शुरू हो रहे बजट सत्र को लेकर इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के विधायक अर्जुन चौटाला ने इंडिया न्यूज़ हरियाणा से विशेष बातचीत की। उन्होंने कहा कि इस सत्र में नशाखोरी, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी जैसे अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
सरकार केवल कागज़ों में कर रही काम
अर्जुन चौटाला ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की मौजूदा सरकार केवल कागजों में काम कर रही है, लेकिन ज़मीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि सरकार आम जनता की समस्याओं को हल करने में असफल रही है, खासकर नशाखोरी और बेरोजगारी के बढ़ते मामलों को लेकर। हरियाणा में कबूतरबाज़ी (युवाओं को अवैध रूप से विदेश भेजने का गोरखधंधा) के बढ़ते मामलों पर बोलते हुए अर्जुन चौटाला ने कहा कि सरकार इस पर शिकंजा कसने में नाकामयाब रही है। उन्होंने कहा कि यह शर्म की बात है कि हमारे युवाओं को विदेशों में बेड़ियों में बांधकर भेजा जा रहा है, लेकिन सरकार इस पर कोई सख्त कदम नहीं उठा रही।
बजट सत्र लंबा चलना चाहिए
बजट सत्र की अवधि को लेकर अर्जुन चौटाला ने कहा कि सत्र को अधिक दिनों तक चलाया जाना चाहिए ताकि राज्य की जनता के हित से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हो सके। उन्होंने कहा कि एक लंबा सत्र ही हरियाणा की जनता के लिए फायदेमंद होगा।
कांग्रेस पर साधा निशाना
कांग्रेस पार्टी में अब तक सीएलपी (कांग्रेस विधायक दल) नेता न चुने जाने पर भी अर्जुन चौटाला ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी अपना नेता तक नहीं चुन पा रही है, इससे साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि कांग्रेस के हालात कितने खराब हैं।