Inkhabar Haryana, Asha Hooda on Law and Order in Haryana: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की धर्मपत्नी एवं कांग्रेसी नेत्री आशा हुड्डा ने रविवार को झज्जर दौरे के दौरान हरियाणा की कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार पर कड़ा प्रहार किया। वे बादली से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स के निवास स्थान पर दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई थीं।
दिव्यांगजनों को वाहन वितरण कार्यक्रम
बादली विधायक कुलदीप वत्स के निवास स्थान पर दिव्यांगों के लिए वाहन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधायक कुलदीप वत्स ने बताया कि समाज सेवा ही उनका मूल लक्ष्य है और इसी उद्देश्य से वे लगातार क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचा रहे हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों ने शिरकत की।
आशा हुड्डा का स्वागत
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं आशा हुड्डा का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। फूल मालाओं से उनका अभिनंदन किया गया और नारों के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका उत्साहवर्धन किया। मंच से संबोधित करते हुए आशा हुड्डा ने कहा कि विपक्ष में रहते हुए भी विधायक कुलदीप वत्स जिस प्रकार समाज सेवा कर रहे हैं, वह सराहनीय है।
वहीं, उन्होंने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि हरियाणा कानून व्यवस्था में सबसे पिछड़ा राज्य बन चुका है। सेंट्रल गवर्नमेंट के क्राइम ब्यूरो के आंकड़े बताते हैं कि हरियाणा में अपराध तेजी से बढ़ रहा है। महिलाओं की स्थिति बेहद दयनीय हो चुकी है। तरह-तरह के गैंग सक्रिय हो रहे हैं, व्यापारी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और हर रोज उनसे फिरौती मांगी जा रही है।
महिलाओं की सुरक्षा पर चिंता
आशा हुड्डा ने कहा कि आज हालत यह है कि हरियाणा की बेटियां जब घर से निकलती हैं तो मां-बाप की चिंता तब तक बनी रहती है जब तक वे सुरक्षित लौटकर वापस न आ जाएं। यह सरकार के लिए शर्म की बात है और जनता के लिए चिंता का विषय। उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर तुरंत सख्त कदम उठाए जाएं ताकि आम जनता भयमुक्त वातावरण में जीवन व्यतीत कर सके।