Inkhabar Haryana, Bhupinder Singh Hooda: हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दिल्ली की ओर मार्च कर रहे किसानों के खिलाफ पंजाब सीमा पर पुलिस की कार्रवाई को “अलोकतांत्रिक” करार दिया है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक को अपनी बात रखने का अधिकार है और सरकार को किसानों से संवाद कर समस्या का समाधान निकालना चाहिए। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई कानून हाथ में लेता है तो सरकार का कानून-व्यवस्था बनाए रखना भी जरूरी है।
कानून व्यवस्था और अपराध पर चिंता
हुड्डा ने हरियाणा सरकार पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार का रवैया किसानों के प्रति लगातार उदासीन रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि समय पर किसानों को खाद उपलब्ध नहीं हो रही है और मंडियों में फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) नहीं मिल रहा है। हुड्डा ने कहा कि एमएसपी का दावा करने वाली हरियाणा सरकार अगर 24 फसलों के नाम गिनवा दे, तो यह बड़ा सवाल खत्म हो जाएगा।
बता दें कि, हुड्डा ने हरियाणा की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि हरियाणा अब अपराध के मामलों में देश में नंबर वन बन गया है। कांग्रेस सरकार के समय जो बदमाश प्रदेश छोड़कर भाग गए थे, वे अब वापस आ गए हैं। यह सरकार की विफलता का प्रमाण है।
राजनीतिक प्रतिक्रियाएं और बयान
हरियाणा में कांग्रेस सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस नेता मधुसूदन मिस्त्री और विवेक बावरिया के बयानों पर टिप्पणी करने से बचते हुए हुड्डा ने कहा कि इस विषय पर वही लोग अधिक जानकारी दे सकते हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के कांग्रेस को लेकर दिए गए बयान पर हुड्डा ने इसे उनका निजी मत बताते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन में कोई टूट नहीं है।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने यह सभी बातें अपने रोहतक स्थित आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कहीं। उन्होंने मौजूदा सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि समय आ गया है कि जनता को सचेत होना चाहिए और अपने अधिकारों के लिए खड़ा होना चाहिए।