Inkhabar Haryana, Bhupinder Singh Hooda on Ballot Paper: दिल्ली में आयोजित कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि देश में चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से होने चाहिए, ताकि लोगों के मन में कोई संदेह न रहे। हुड्डा ने यह भी आरोप लगाया कि मौजूदा समय में चुनाव आयोग सरकार का अंग जैसा काम कर रहा है।
हरियाणा चुनाव के वक्त भी उठाई थी बैलेट पेपर की मांग
हुड्डा ने याद दिलाया कि जब हरियाणा में चुनाव हुए थे, तब भी उन्होंने बैलेट पेपर से मतदान की मांग की थी। उन्होंने कहा कि जो बैलेट पेपर पर जीतता है, उसी की सरकार बनती है। उनके अनुसार अमेरिका और जर्मनी जैसे विकसित देशों में आज भी बैलेट पेपर के जरिए चुनाव कराए जाते हैं, जिससे पारदर्शिता बनी रहती है।
पोस्टल बैलेट में मिली थी कांग्रेस को जीत- हुड्डा
पूर्व सीएम ने दावा किया कि जब हरियाणा में चुनाव बैलेट पेपर से हुए थे, तब पोस्टल बैलेट में 90 में से 76 सीटों पर कांग्रेस को जीत मिली थी। उन्होंने कहा कि बैलेट पेपर से चुनाव होने पर नतीजे स्पष्ट और बिना विवाद के सामने आते हैं। हुड्डा ने आरोप लगाया कि ध्यान भटकाने के लिए चुनाव आयोग अब नोटिस जारी करके जवाब मांग रहा है। उन्होंने कहा कि असली मुद्दा पारदर्शी चुनाव का है और इसे लेकर सरकार को गंभीरता दिखानी चाहिए।