




Cleaning Scams: हरियाणा के कैथल में सफाई के नाम पर हुए करोड़ों रुपये के घोटाले में शामिल आरोपी प्रवीण सरदाना की मुख्यमंत्री नायब सैनी के साथ हालिया मुलाकात ने विवाद खड़ा कर दिया है। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम पिछले छह महीनों से सरदाना की तलाश कर रही थी। हाल ही में एक समारोह में सरदाना को सीएम द्वारा सम्मानित किया गया, जिससे एसीबी की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
सरदाना, जो भारत प्रोजेक्ट का प्रोपराइटर है, का नाम विजिलेंस की एफआईआर में घोटाले के आठवें नंबर पर दर्ज है। आरोप है कि उसने अधिकारियों के साथ मिलकर बिना काम किए सरकारी धन का गबन किया। घोटाले में कुल 15 आरोपी हैं, जिनमें से सात गिरफ्तार किए जा चुके हैं। हालांकि, सरदाना और अन्य आरोपी अभी तक फरार हैं।
कांग्रेस के विधायक आदित्य सुरजेवाला ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह शर्मनाक है कि एक भगोड़ा आरोपी खुलेआम मुख्यमंत्री के सम्मेलन में भाग ले रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर आरोप लगाया कि वे घोटाले के आरोपियों को संरक्षण दे रहे हैं। यह मामला कोरोना काल के दौरान कैथल जिला परिषद में हुए सफाई घोटाले से जुड़ा है, जिसमें अधिकारियों और ठेकेदारों ने मिलीभगत करके सरकारी राशि का गबन किया। एसीबी के दावे अब सवालों के घेरे में हैं, क्योंकि कार्रवाई का वास्तविक परिणाम कहीं दिखाई नहीं दे रहा।
Health Minister: स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने की बैठक, सेवाओं की स्थिति का लिया जायजा




