इस विशेष अवसर पर सीएम नायब सिंह सैनी को समाज विज्ञान संकाय के डॉक्टर ऑफ लिटरेचर (डी.लिट्) की मानद उपाधि से नवाजा गया। इस सम्मान के बाद अब वे सिर्फ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी नहीं, बल्कि ‘डॉ. नायब सिंह सैनी’ के नाम से जाने जाएंगे। हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने इस अवसर पर कहा कि कल तक इन्हें नायब सिंह सैनी बोलते थे, आज से इनका नाम डॉ. नायब सिंह सैनी होगा।
सीएम के रूप में यह उनकी उपलब्धियों और समाज में उनके योगदान को मान्यता देने का एक महत्वपूर्ण क्षण था। विशेष रूप से, उनके पिछड़े वर्ग और किसानों के लिए किए गए सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की गई। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि कम उम्र में दूसरी बार मुख्यमंत्री बने और विशेषकर पिछड़े वर्ग एवं किसानों के लिए इनका योगदान बहुत सराहनीय है।
समारोह में इसरो के पूर्व अध्यक्ष डॉ. एस सोमनाथ को भी विज्ञान के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान के लिए मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। इसरो में उनके नेतृत्व में कई ऐतिहासिक मिशन पूरे किए गए, जिनमें चंद्रयान और गगनयान जैसे अभियान शामिल हैं। उनकी उपलब्धियों ने न केवल भारत को बल्कि वैश्विक स्तर पर अंतरिक्ष विज्ञान में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
इस समारोह में कई प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, कालका विधायक शक्तिरानी शर्मा, सांसद नवीन जिंदल, विश्वविद्यालय के कुलपति और अन्य विशिष्ट अतिथि भी इस भव्य कार्यक्रम का हिस्सा बने।