




CM ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में अपराधियों के बीच पुलिस का भय और आम नागरिकों के बीच सुरक्षा का माहौल होना चाहिए। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों पर विशेष रूप से गंभीरता दिखाएं और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए संवेदनशीलता से कार्य करें।
CM ने कहा कि महिलाओं से जुड़े अपराधों की मॉनिटरिंग न केवल प्रदेश स्तर पर की जा रही है, बल्कि वह स्वयं इन मामलों पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ऐसे अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई हो और अपराधियों को जल्द से जल्द सजा दिलाई जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि पुलिस का व्यवहार पीड़ितों के प्रति सहानुभूतिपूर्ण और अपराधियों के प्रति आक्रामक होना चाहिए।
सैनी ने DC और SP के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि समन्वय के अभाव को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों को मिलकर ऐसे कदम उठाने चाहिए, जो जनता को त्वरित और प्रभावी न्याय प्रदान कर सकें।
CM ने अधिकारियों से कहा कि चिन्हित अपराधों में दोषसिद्धि दर को सुधारने के लिए ठोस प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि बेहतर दोषसिद्धि दर न केवल अपराधियों को सजा दिलाने में मदद करेगा, बल्कि समाज में कानून का सम्मान बढ़ाने में भी सहायक होगा।
CCTV के उपयोग को प्राथमिकता
CM सैनी ने प्रदेश के सभी थानों में जल्द से जल्द CCTV इंस्टॉल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव पूरे प्रदेश में CCTV के लिए एक समान फॉर्मेट तय करेंगे, जिससे निगरानी को और प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि CCTV का उपयोग न केवल अपराधों की जांच में मदद करेगा, बल्कि पुलिस की पारदर्शिता और जवाबदेही भी सुनिश्चित करेगा।




