होम / CM Nayab Saini: “कांग्रेस पार्टी बाबा भीमराव अम्बेडकर के नाम पर ढोंग रच रही”- सीएम नायब सैनी

CM Nayab Saini: “कांग्रेस पार्टी बाबा भीमराव अम्बेडकर के नाम पर ढोंग रच रही”- सीएम नायब सैनी

BY: • LAST UPDATED : December 25, 2024
Inkhabar Haryana, CM Nayab Saini: गुरुग्राम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम के PWD रेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में बाबा भीमराव अम्बेडकर मामले पर कांग्रेस पार्टी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहब के नाम का राजनीतिक उपयोग किया है और उनके मूल विचारों की उपेक्षा की है। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि बीजेपी ने बाबा साहब के आदर्शों को आत्मसात करते हुए उन्हें सच्चा सम्मान दिया है, जबकि कांग्रेस ने उनके विचारों के खिलाफ काम किया है।

कांग्रेस ढोंग रच रही

नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बाबा साहब के नाम पर केवल ढोंग रच रही है। उनके कार्यकाल के दौरान, अंबेडकर से जुड़े स्थलों की हालत बेहद खराब थी। सैनी ने दावा किया कि कांग्रेस ने बाबा साहब के विचारों और उनके सपनों को कभी भी प्राथमिकता नहीं दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 55 साल तक सत्ता में राज किया, लेकिन गरीबों और दलितों के लिए कोई ठोस काम नहीं किया। बाबा साहब ने हमेशा गरीबों के उत्थान की बात की, लेकिन कांग्रेस ने उनके सपनों को कुचल दिया।

बीजेपी की पहल अंबेडकर के आदर्शों को साकार करना

मुख्यमंत्री सैनी ने बीजेपी सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि उनकी पार्टी ने बाबा साहब के पांच महत्वपूर्ण स्थलों को तीर्थ स्थलों के रूप में स्थापित किया। यह बीजेपी का प्रयास है कि महान विभूतियों जैसे भीमराव अंबेडकर और सरदार वल्लभभाई पटेल को वह सम्मान मिले, जिसके वे हकदार थे।

सैनी ने कहा कि संविधान को खतरा नहीं है, बल्कि खतरा कांग्रेस के अस्तित्व को है। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि वे संविधान का नाम लेकर ढोंग रच रहे हैं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि कांग्रेस के सत्ता में रहते हुए डॉक्टर अंबेडकर ने इस्तीफा क्यों दिया था। सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा संविधान पीठों और दलित वर्ग का अपमान किया।

अल्पसंख्यक नीतियों पर कांग्रेस की आलोचना

सैनी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार का ध्यान हमेशा केवल अल्पसंख्यकों के हितों पर केंद्रित रहा, जबकि अनुसूचित जाति और जनजातियों की उपेक्षा की गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश को तोड़ने और बाबा साहब की मूल भावनाओं के खिलाफ काम किया।

सीएम सैनी ने दावा किया कि जनता अब कांग्रेस के झूठ को समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि 2029 तक कांग्रेस पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। लोग अब जानते हैं कि देशहित में कौन काम कर रहा है। कांग्रेस का झूठ अब नहीं बिकेगा।