




Inkhabar Haryana, CM Nayab Saini: हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में आयोजित एक बैठक के बाद दिल्ली सरकार और पूर्व अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता अब केजरीवाल सरकार के कुशासन से परेशान हो चुकी है और इससे मुक्ति चाहती है। उन्होंने दिल्ली में खराब बुनियादी सुविधाओं, वादाखिलाफी और भ्रष्टाचार को लेकर केजरीवाल सरकार की कड़ी आलोचना की।
सीएम सैनी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं किया। जनता को जिन सुविधाओं का लाभ मिलना चाहिए था, वह सुविधाएं केजरीवाल ने अपने लिए ले लीं। उदाहरण के तौर पर उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता आज भी गंदा पानी पीने को मजबूर है, जबकि केजरीवाल ने अपने घर में 15 करोड़ रुपये की लागत से एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) लगवा लिया।
सैनी ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों में केजरीवाल ने सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा के क्षेत्र में कोई ठोस काम नहीं किया। दिल्ली में इन सभी बुनियादी सेवाओं की स्थिति बदतर हो चुकी है।
सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल विकास की राजनीति में विश्वास करती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में समान विकास के विजन की तारीफ करते हुए कहा कि बीजेपी सरकार पूरे प्रदेश में समान विकास कार्य करवा रही है। उन्होंने कहा कि चाहे कांग्रेस विधायकों का क्षेत्र हो या बीजेपी का, विकास कार्यों में किसी भी तरह का भेदभाव नहीं किया जाता।
सैनी ने यह भी कहा कि कांग्रेस के कई नेता अंदरखाने बीजेपी सरकार के कार्यों की सराहना करते हैं। उन्होंने भूपेंद्र सिंह हुड्डा का उदाहरण देते हुए कहा कि अंदरखाने तो खुद भूपेंद्र सिंह हुड़्डा भी हमारे कार्यों कि तारीफ करते है।
सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि बीजेपी दिल्ली में भी समान विकास और पारदर्शी शासन की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि जहां केजरीवाल सरकार ने जनता के साथ विश्वासघात किया, वहीं बीजेपी का उद्देश्य जनता की हर जरूरत को पूरा करना है।




