Inkhabar Haryana, CM Nayab Saini meets PM Modi: बुधवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर राज्य के अहम मुद्दों पर चर्चा की। यह बैठक कई मायनों में महत्वपूर्ण रही, क्योंकि इसमें न केवल राज्य के विकास कार्यों पर केंद्रित बातचीत हुई, बल्कि आगामी चुनावी तैयारियों के संकेत भी नजर आए।
हरियाणा के मुद्दों पर पीएम ने की गहन चर्चा
सीएम सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वन-टू-वन बैठक में हरियाणा के विभिन्न विकासात्मक और रणनीतिक मुद्दों को रखा। यह बैठक ऐसे समय हुई है जब केंद्र और राज्य सरकारों के बीच समन्वय बढ़ाने की जरूरत को प्राथमिकता दी जा रही है। बैठक में प्रधानमंत्री ने राज्य के लिए जारी योजनाओं की प्रगति के बारे में जानकारी ली और आगे की योजनाओं के लिए मार्गदर्शन भी दिया।
छह सांसदों से भी की खास मुलाकात
पीएम से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री सैनी ने हरियाणा के छह सांसदों के साथ भी विशेष बैठक की। इनमें केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, भिवानी-महेन्द्रगढ़ से सांसद धर्मबीर सिंह, कुरुक्षेत्र से सांसद नवीन जिंदल, राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा, डॉ. रेखा शर्मा और भाजपा समर्थित निर्दलीय राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा शामिल थे। इस संवाद में सीएम सैनी ने सांसदों से कहा कि वे अपने क्षेत्रों के लिए विकास कार्यों से जुड़े प्रस्ताव शीघ्रता से दें ताकि उन्हें समयबद्ध तरीके से मंजूरी दी जा सके और लागू भी किया जा सके।
अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी
सीएम ने इस अवसर पर यह भी स्पष्ट कर दिया कि सांसदों के सुझाए कार्यों में किसी भी प्रकार की रुकावट या देरी को सरकार गंभीरता से लेगी। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों के कामों को प्राथमिकता से निपटाया जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।