Inkhabar Haryana, CM Nayab Saini on Bhagwant Mann: हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने आज पंजाब के सीएम भगवंत मान के एसवाईएल (सतलुज-यमुना लिंक) नहर पर दिए गए बयान को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भगवंत मान को अपने “अहंकार के रथ” से उतरना चाहिए और पंजाब की गुरुओं की पवित्र धरती की गरिमा के अनुरूप समाजहित में कार्य करना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भगवंत मान गुरुओं की शिक्षाओं का निरंतर अनादर कर रहे हैं, जो निंदनीय है।
सोशल मीडिया पर सख्ती की बात
सोशल मीडिया पर फैल रहे असामाजिक गतिविधियों पर भी मुख्यमंत्री सैनी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि जो लोग सोशल मीडिया के जरिए समाज में वैमनस्य फैलाने या असामाजिक कार्यों में संलिप्त हैं, उनके खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ऐसे लोगों पर नजर रखे हुए है और नियमानुसार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
अभय चौटाला के आंदोलन पर टिप्पणी
25 मई से इनेलो नेता अभय चौटाला द्वारा पंजाब को जाने वाले रास्ते बंद करने की घोषणा को लेकर पूछे गए सवाल पर नायब सैनी ने कहा कि यह उनके “क्रांतिकारी दल” का एजेंडा है। उन्होंने इस बयान के जरिए यह संकेत दिया कि सरकार की प्राथमिकता शांति और विकास है, न कि टकराव।
प्रधानमंत्री से मुलाकात और विकास योजनाएं
बुधवार को पीएम नरेंद्र मोदी से हुई मुलाकात पर मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि यह भेंट सौहार्दपूर्ण रही और राज्य के विकास पर व्यापक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने उन्हें मार्गदर्शन दिया और राज्य की विकास योजनाओं जैसे कि ऑपरेशन सिंदूर और तिरंगा गंगा यात्रा की जानकारी साझा की गई।
डबवाली स्टेशन की सौगात
मुख्यमंत्री ने हरियाणा को डबवाली रेलवे स्टेशन की सौगात मिलने पर खुशी जताई और इसे राज्य के बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में एक और कदम बताया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में तेज गति से काम हो रहे हैं और प्रदेश को हर क्षेत्र में मजबूती देने का कार्य निरंतर जारी है।