




Inkhabar Haryana, CM Nayab Saini: हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी ने फरीदाबाद में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के उद्योगपतियों के साथ प्री-बजट चर्चा की। इस दौरान उन्होंने उद्योग जगत से सुझाव लिए ताकि आगामी बजट को प्रभावी और समावेशी बनाया जा सके। बैठक के दौरान उन्होंने दिल्ली के पूर्व CM अरविंद केजरीवाल पर भी बड़ा हमला बोला और उन्हें दिल्ली की जनता को गंदा पानी पिलाने के लिए जिम्मेदार ठहराया।
सीएम सैनी ने अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने दिल्ली में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) लगाने के लिए 8,500 करोड़ दिए थे, लेकिन केजरीवाल सरकार ने इसका सही उपयोग नहीं किया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने अपने शीश महल के सामने 15 करोड़ का STP लगवाया और खुद के लिए स्वच्छ पानी का इंतजाम किया, जबकि दिल्ली की आम जनता को गंदा पानी पिलाया गया।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने दोनों चुनाव में जनता से झूठ बोलकर सत्ता हासिल की, लेकिन अब दिल्ली की जनता उन्हें सबक सिखाएगी और भारतीय जनता पार्टी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।
फरीदाबाद में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 9 मार्च को होने वाली हाफ मैराथन के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया की शुरुआत की। यह मैराथन फिटनेस को बढ़ावा देने और स्वास्थ्य जागरूकता के लिए आयोजित की जा रही है।




