Inkhabar Haryana, CM Nayab Saini: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कालका की पावन धरती से जनता को संबोधित करते हुए विकास के नए आयाम स्थापित करने का वादा किया। उन्होंने माँ काली के आशीर्वाद का जिक्र करते हुए कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें कालका की इस पवित्र धरती पर आने का अवसर मिला। मुख्यमंत्री ने कालका हल्के के 25 करोड़ की लागत से निर्मित तीन बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन किया और इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।
जनता का आभार किया व्यक्त
अपने संबोधन की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने कालका की जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि आज मां काली का आशीर्वाद लेकर हरियाणा की जनता का धन्यवाद करने आया हूँ। आपने तीसरी बार हमें सेवा का मौका दिया, इसके लिए आपका हृदय से आभार। उन्होंने जनता की भारी उपस्थिति और जोश को देखकर कहा कि उनका उत्साह प्रेरणा देने वाला है और इसी ऊर्जा के साथ प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर ले जाया जाएगा।
विकास की गारंटी और योजनाओं का वादा
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि पीएम ने हर तबके के विकास की गारंटी दी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, और किसानों की आय दोगुनी करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कालका हल्के के नॉनस्टॉप विकास का वादा किया और इसे क्षेत्र के लिए एक नई शुरुआत बताया।
कालका के विकास का उत्सव
सीएम सैनी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि आज की यह रैली कालका हल्के के विकास को नई गति और नई दिशा देने वाली है। कालका से कलेसर तक का इलाका पर्यटन हब बनाया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को जनता के सामने रखते हुए विश्वास दिलाया कि आने वाले समय में कालका हर क्षेत्र में अग्रणी रहेगा।
घमंडिया गठबंधन पर हमला
सीएम ने अपने भाषण में विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि आप सभी ने घमंडिया गठबंधन को मात दी। कांग्रेस समाधान नहीं, विवाद में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के एजेंडे पर काम कर रही है और हरियाणा की जनता ने इस पर अपना भरोसा जताया है।