Advertisement
Advertisement
होम / CM Saini News:  हरियाणा के इस जिले में पहुंचे सीएम नायब सैनी ने की करोड़ों की घोषणा

CM Saini News:  हरियाणा के इस जिले में पहुंचे सीएम नायब सैनी ने की करोड़ों की घोषणा

BY: • LAST UPDATED : November 29, 2024
Inkhabar Haryana, CM Saini News: हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज, अग्रोहा में 15 करोड़ रुपये की लागत से बने खेल परिसर और कन्या छात्रावास का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने संस्थान को 31 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा करते हुए कहा कि यह कॉलेज महाराजा अग्रसेन की मानव सेवा की परंपरा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। सीएम ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में यह नई सुविधाएं छात्रों के विकास और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने में सहायक होंगी।

खेल परिसर और छात्रावास के विशेष विवरण

बता दें कि, चार एकड़ में बने खेल परिसर में तीन मल्टी-पर्पस हॉल, स्विमिंग पूल, जिम, योग कक्ष और रेस्टोरेंट जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इस पर 10 करोड़ रुपये की लागत आई है। वहीं, 5.70 करोड़ रुपये की लागत से तीन एकड़ में बने छात्रावास में 54 कमरे बनाए गए हैं, जिससे छात्राओं को बेहतर आवासीय सुविधा मिल सकेगी। सीएम ने कहा कि ये सुविधाएं छात्रों को एक स्वस्थ और समृद्ध वातावरण प्रदान करेंगी।

अग्रोहा की विरासत होगी संरक्षित

सीएम ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अग्रोहा के पुरातात्विक स्थल की खुदाई की मंजूरी दी गई है। इससे अग्रोहा की प्राचीन विरासत के उजागर होने की उम्मीद है। उन्होंने इसे राखीगढ़ी की तर्ज पर संरक्षित करने की योजना की घोषणा करते हुए कहा कि महाराजा अग्रसेन का ‘एक रुपया-एक ईंट’ का सिद्धांत समाजवाद और गणतंत्र की नींव है।

Advertisement

चिकित्सा सुविधाओं में बड़ा विस्तार

हरियाणा सरकार चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सीएम ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 15 मेडिकल कॉलेज हैं, जिनमें से 9 कॉलेज उनके कार्यकाल में खुले हैं और 9 निर्माणाधीन हैं। इसके अतिरिक्त, फतेहाबाद, चरखी दादरी और पलवल में मेडिकल कॉलेजों के लिए जमीन का चयन कर लिया गया है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 27 हो जाएगी, जिससे एमबीबीएस की सीटें बढ़कर 3,485 हो जाएंगी।

फिट इंडिया मूवमेंट को लेकर संकल्पबद्ध

सीएम ने प्रधानमंत्री के फिट इंडिया मूवमेंट को सफल बनाने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने हाल ही में किडनी रोगियों के लिए मुफ्त डायलिसिस सुविधा शुरू की है और 70 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को आयुष्मान योजना के तहत 10 लाख रुपये सालाना का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।

बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए नई योजनाएं

गरीब परिवारों के लिए चिरायु आयुष्मान योजना के तहत अब 3 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों को भी 5 लाख रुपये सालाना स्वास्थ्य कवर का लाभ मिलेगा। अब तक इस योजना में 1.19 करोड़ चिरायु कार्ड बनाए जा चुके हैं और 11.65 लाख मरीजों के इलाज पर 1,477 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। हरियाणा हेपेटाइटिस बी और सी की मुफ्त दवाएं उपलब्ध कराने वाला पहला राज्य है।

कार्यक्रम में मौजूद गणमान्य अतिथि

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, विधायिका सावित्री जिंदल, पूर्व राज्यसभा सांसद जनरल डीपी वत्स और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे। कार्यक्रम में चिकित्सा क्षेत्र में अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के योगदान और सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं की सराहना की गई।