Advertisement
Advertisement
होम / Deepender Hooda: नेहरू पर टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद, सांसद दीपेंद्र हुड्डा का मनोहर लाल पर तीखा प्रहार, कहा- “ऐसे महापुरुष पर टिप्पणी करना दर्षाता है व्यक्ति की सोच”

Deepender Hooda: नेहरू पर टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद, सांसद दीपेंद्र हुड्डा का मनोहर लाल पर तीखा प्रहार, कहा- “ऐसे महापुरुष पर टिप्पणी करना दर्षाता है व्यक्ति की सोच”

BY: • LAST UPDATED : January 14, 2025
Inkhabar Haryana, Deepender Hooda: रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा पंडित जवाहरलाल नेहरू पर की गई टिप्पणी को निंदनीय बताया है। उन्होंने कहा कि ऐसे महापुरुषों पर बयानबाजी करना एक व्यक्ति की मानसिकता और सोच को दर्शाता है। हुड्डा ने भाजपा सरकार पर झूठ की राजनीति करने और विकास कार्यों में पूरी तरह विफल रहने का आरोप लगाया।

नेहरू पर टिप्पणी को बताया मानसिकता का परिचायक

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू जैसे महापुरुषों पर की गई टिप्पणी उस व्यक्ति की सोच को दर्शाती है जो इतने बड़े पद पर बैठकर इस तरह की भाषा का प्रयोग करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने संविधान और बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की सोच के विपरीत काम किया है, जिसका प्रमाण देश के गृहमंत्री के बयान से मिलता है।

भाजपा पर 10 साल की विफलता का आरोप

हुड्डा ने हरियाणा में भाजपा सरकार के 10 साल के कार्यकाल को विफल बताते हुए कहा कि इन वर्षों में कोई बड़ा विकास कार्य नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय बहादुरगढ़ तक मेट्रो लाई गई थी, लेकिन भाजपा सरकार 10 साल में एक खंबा तक नहीं गड़वा पाई। उन्होंने भाजपा पर झूठे प्रचार के सहारे सत्ता में बने रहने का आरोप लगाया।

Advertisement

दिल्ली चुनाव पर कांग्रेस का प्रदर्शन बेहतर होने का दावा

दिल्ली में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस का प्रदर्शन पहले से बेहतर रहेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोग समझ चुके हैं कि जो भी विकास कार्य हुए, वह कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुए थे। उन्होंने कांग्रेस सरकार के समय दिल्ली में मेट्रो और अन्य परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इस बार कांग्रेस दिल्ली में मजबूती से वापसी करेगी।

हुड्डा ने यह भी बताया कि 16 जनवरी को राहुल गांधी दिल्ली में एक बड़ी रैली करने वाले हैं, जिसे लेकर दिल्ली के लोगों में जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने इस रैली को कांग्रेस के समर्थन में नई ऊर्जा भरने वाला बताया।

किसानों के मुद्दे पर सरकार से त्वरित कार्रवाई की मांग

बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान पर हुड्डा ने किसानों के प्रति अपनी चिंता व्यक्त की। उन्होंने हरियाणा सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द गिरदावरी कराई जाए और किसानों को हुए नुकसान का मुआवजा दिया जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने में असफल रही है।

कांग्रेस संगठन और नेता प्रतिपक्ष को लेकर चिंता

प्रदेश कांग्रेस संगठन के गठन और नेता प्रतिपक्ष को लेकर पूछे गए सवाल पर हुड्डा ने कहा कि यह पार्टी का आंतरिक मामला है और जल्द ही इसका समाधान कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक मजबूत संगठन है और जनता के मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा

दीपेंद्र हुड्डा जिला विकास भवन में आयोजित जिला विकास समन्वयक एवं निगरानी समिति की बैठक में अधिकारियों के साथ पहुंचे थे। इस बैठक में रोहतक के विधायक भारत भूषण बतरा, कलानौर की विधायक शकुंतला खटक और महम के विधायक बलराम दांगी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से विकास और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देती रही है और आगे भी जनता के हित में काम करती रहेगी।