Advertisement
Advertisement
होम / Deepender Hooda on Election Commission: दीपेंद्र हुड्डा ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठाए सवाल, जिला अध्यक्षों की नियुक्ति पर जताया आभार

Deepender Hooda on Election Commission: दीपेंद्र हुड्डा ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठाए सवाल, जिला अध्यक्षों की नियुक्ति पर जताया आभार

BY: • LAST UPDATED : August 14, 2025
Inkhabar Haryana, Deepender Hooda on Election Commission: हरियाणा के झज्जर जिले के गांव साल्हावास में आयोजित शहीद दीपक शर्मा की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने जहां शहीद के सम्मान में भावुक शब्द कहे, वहीं राजनीति के मोर्चे पर चुनाव आयोग और बीजेपी पर तीखे हमले भी बोले। इस कार्यक्रम में रोहतक लोकसभा से सांसद दीपेंद्र हुड्डा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके स्वागत के लिए कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद थे।

 हुड्डा ने दीपक शर्मा की प्रतिमा का अनावरण किया

दीपेंद्र हुड्डा ने सबसे पहले शहीद दीपक शर्मा की प्रतिमा का अनावरण किया और उन्हें नमन करते हुए परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि झज्जर वीरों की भूमि है, यहां के जवानों ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए हैं। हमें अपने वीर सपूतों पर गर्व है।

जिला अध्यक्षों की नियुक्ति पर कांग्रेस नेतृत्व का धन्यवाद

कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में जब उनसे हाल ही में जारी हुई कांग्रेस जिला अध्यक्षों की सूची को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि यह पार्टी संगठन के पुनर्निर्माण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। हम कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद करते हैं कि 11 साल बाद संगठन सर्जन के माध्यम से सभी जिलों में अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। मैं सभी जिला अध्यक्षों को शुभकामनाएं देता हूं कि वे दिन-रात मेहनत करके प्रदेश में कांग्रेस को एक मजबूत और सकारात्मक विकल्प के रूप में स्थापित करें।

Advertisement

चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस ने चुनावी भ्रष्टाचार की नींव रखी थी, दीपेंद्र हुड्डा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अब देश के सामने सभी तथ्य स्पष्ट हैं। चुनाव आयोग ने निष्पक्षता की भूमिका निभाने के बजाय बीजेपी के सहायक के रूप में काम किया है। यह केवल हरियाणा की बात नहीं है, बल्कि कई अन्य राज्यों में भी यही स्थिति रही है।

हुड्डा ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं, तो यह लोकतंत्र की साख के लिए खतरनाक है। यह ज़रूरी है कि चुनाव आयोग पूर्ण निष्पक्षता से काम करे, ताकि देश के लोकतांत्रिक ढांचे पर आंच न आए।

सवाल चुनाव आयोग से, जवाब देती है बीजेपी

भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ द्वारा चुनाव आयोग की तारीफ को लेकर पूछे गए सवाल पर हुड्डा ने चुटकी लेते हुए कहा कि जब चुनाव आयोग की तारीफ बीजेपी करती है और बीजेपी के नेता उसकी प्रशंसा में कसीदे पढ़ते हैं, तो जनता को खुद समझ जाना चाहिए। हम सवाल चुनाव आयोग से पूछते हैं, लेकिन जवाब बीजेपी देती है। इससे लोगों के मन में स्वाभाविक रूप से संदेह पैदा होता है।