




Inkhabar Haryana, Deepender Hooda on Waterlogging in Bhiwani: भिवानी ज़िले के बवानीखेड़ा हलके में जलभराव की समस्या अब महज़ प्राकृतिक आपदा नहीं रही, बल्कि राजनीतिक बहस का केंद्र बन चुकी है। कांग्रेस सांसद दीपेन्द्र सिंह हुड्डा ने जलभराव प्रभावित गांवों का दौरा कर न सिर्फ किसानों की पीड़ा को सुना, बल्कि इस बहाने राज्य सरकार पर जमकर निशाना भी साधा। दीपेन्द्र हुड्डा सांसद जयप्रकाश के साथ भिवानी ज़िले के धनाना, तालु, पुर, सिवाड़ा, मुंढाल जैसे बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे। वहां उन्होंने खेतों, घरों और स्कूलों में भरे पानी को देखा और प्रभावित ग्रामीणों व किसानों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि यह स्थिति किसी सामान्य बारिश की नहीं, बल्कि बाढ़ जैसी है।
हुड्डा ने आरोप लगाया कि ज़िले के हालात इतने खराब होने के बावजूद, न स्थानीय मंत्री, न सांसद और न ही विधायक ने अब तक पीड़ितों की सुध ली। उन्होंने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि नायब सैनी कहते हैं कि बाढ़ तो अमेरिका में भी आती है। लेकिन क्या वहां भी सरकार राहत देने में इतनी लापरवाह होती है? लगातार बारिश और जलभराव से खरीफ की फसल पूरी तरह तबाह हो चुकी है, और इन हालातों में रबी सीज़न की गेहूं की बिजाई भी लगभग असंभव है। ऐसे में सरकार को किसानों को इस और अगली फसल का ₹50,000 प्रति एकड़ मुआवजा देना चाहिए।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे स्वयं और सांसद जयप्रकाश इस मुद्दे को लोकसभा में, और उनके पार्टी विधायक विधानसभा में पुरज़ोर तरीके से उठाएंगे। हुड्डा ने भाजपा सरकार को “किसान, मज़दूर और ग्रामीण विरोधी” करार दिया और कहा कि यह सरकार सिर्फ मार्केटिंग और प्रचार करने में लगी है।
दीपेन्द्र हुड्डा ने सिर्फ बाढ़ या खेती की स्थिति पर ही नहीं, बल्कि प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हरियाणा आज हत्या, फिरौती और महिला उत्पीड़न के मामलों में देश में नंबर एक बन गया है। सरकार द्वारा गठित STF के प्रमुख ने खुद स्वीकार किया है कि राज्य में 80 से अधिक सक्रिय गैंग हैं, जो या तो जेलों से या विदेशों से संगठित अपराध चला रहे हैं।




