Inkhabar Haryana, Delhi Assembly Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं। भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंकते हुए प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने इस अभियान में हिस्सा लेते हुए दिल्ली में भाजपा की जीत का दावा किया।
करोल बाग विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार दुष्यंत गौतम के नामांकन के दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अरविंद केजरीवाल सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने ईमानदारी और काम के नाम पर वोट हासिल किए, लेकिन जनता को निराशा के अलावा कुछ नहीं मिला।
सीएम नायब सैनी ने केजरीवाल पर तीखे प्रहार किए
नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछले 10 सालों में अरविंद केजरीवाल ने झूठे वादों के जरिए जनता को गुमराह किया है। उन्होंने काम और ईमानदारी का वादा किया था, लेकिन न तो काम हुआ और न ही उनकी कथित ईमानदारी दिखाई दी। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ दिल्ली की जनता तक नहीं पहुंचने दिया गया। उन्होंने दावा किया कि इस बार भाजपा कमल का फूल दिल्ली में खिला कर रहेगी।
मनोहर लाल खट्टर ने INDIA गठबंधन पर साधा निशाना
दिल्ली में भाजपा के प्रचार अभियान में शामिल केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने विपक्षी गठबंधन INDIA पर हमला करते हुए कहा कि इस गठबंधन का कोई ठोस आधार नहीं है। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन किसी भी चुनाव में कोई असर डालने में सक्षम नहीं है। भाजपा एक मजबूत पार्टी है और दिल्ली में सरकार बनाएगी।खट्टर ने यह भी कहा कि दिल्ली की जनता अब झूठ और भ्रम फैलाने वाली राजनीति को पहचान चुकी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि भाजपा की सरकारें देशभर में विकास और पारदर्शिता की मिसाल पेश कर रही हैं।