Inkhabar Haryana, Delhi Assembly Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए BJP द्वारा जारी किए गए संकल्प पत्र को लेकर कांग्रेस की महासचिव और सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के संकल्प पत्र में जो वादे किए गए हैं, वे केवल जनता को धोखा देने के लिए हैं और भाजपा चुनावी लाभ प्राप्त करने के लिए ऐसे झूठे वादे करती है। कुमारी सैलजा ने भाजपा के वायदों को सिर्फ छलावा करार दिया और दिल्लीवासियों से सावधान रहने की अपील की।
चुनाव के बाद बीजेपी वायदों को भूल जाती- सैलजा
कुमारी सैलजा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा हर चुनाव में जनता से बड़े-बड़े वादे करती है, लेकिन चुनाव के बाद वह उन वायदों को भूल जाती है। उन्होंने हरियाणा का उदाहरण देते हुए बताया कि भाजपा ने हरियाणा की जनता से कई वादे किए थे, जो सरकार गठन के बाद भी अधूरे पड़े हुए हैं। सैलजा ने कहा कि अगर भाजपा दिल्लीवासियों को मुफ्त पानी और बिजली देने की बात करती है, तो हरियाणा की जनता की जेब पर क्यों डाका डाल रही है?
क्या है बीजेपी के संकल्प पत्र में
बीजेपी ने दिल्ली के लिए जिन योजनाओं की घोषणा की है, उनमें से कुछ प्रमुख हैं – केजी से लेकर पीजी तक मुफ्त शिक्षा, एससी छात्रों को हर महीने 1000 रुपये की मदद, ऑटो-टैक्सी चालकों के लिए वेलफेयर बोर्ड, युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 15,000 रुपये की सहायता और महिलाओं के लिए प्रति माह 2500 रुपये की आर्थिक मदद। कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा ने इन वायदों को हरियाणा में लागू करने का कभी विचार नहीं किया और वहां की जनता से भेदभाव किया है।
बीजेपी चुनावी लाभ के लिए वादे करती हैं
सैलजा ने आरोप लगाया कि भाजपा के संकल्प पत्र में दिल्ली की महिलाओं के लिए गर्भवती महिलाओं को 21,000 रुपये देने का वादा किया गया है, जबकि हरियाणा की महिलाओं को इस प्रकार के लाभ से वंचित रखा गया है। इसके अलावा, भाजपा ने दिल्ली में पुजारियों और ग्रंथियों के लिए 18,000 रुपये की आर्थिक मदद की घोषणा की है, जो हरियाणा में महिलाओं को मिलने वाले वादों के मुकाबले कहीं अधिक है।
उन्होंने कहा कि बीजेपी केवल चुनावी लाभ के लिए ऐसे वादे करती है और इनकी नीयत और सोच हर राज्य में अलग-अलग होती है। कुमारी सैलजा ने दिल्लीवासियों से आग्रह किया कि वे भाजपा के संकल्प पत्र के झांसे में न आएं और सावधान रहें, क्योंकि भाजपा के वादे चुनावी शिगूफे से अधिक कुछ नहीं होते।