





अनुराग ठाकुर भाजपा उम्मीदवारों के नामाकंन कार्यक्रम में हुए शामिल
दिल्ली सरकार की आबकारी नीति को लेकर अनुराग ठाकुर ने आप सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि दिल्ली के महाठग अरविंद केजरीवाल और उनके साथी मनीष सिसोदिया ने 2026 करोड़ रुपये का शराब घोटाला किया। जब सीएजी की रिपोर्ट सामने आई, तो आप सरकार बुरी तरह घबरा गई। आखिरकार, उन्होंने अपनी ही बनाई शराब नीति वापस ले ली। अगर यह नीति इतनी ही अच्छी थी, तो इसे क्यों वापस लिया गया?
ठाकुर ने आरोप लगाया कि इस नीति के कारण दिल्ली सरकार ने कई स्तरों पर आर्थिक नुकसान उठाया। उन्होंने कहा कि शराब की खरीद प्रक्रिया में 890 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। ठेकों के वितरण में अपनों को फायदा पहुंचाते हुए 941 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ। कोविड के समय, जब लोग ऑक्सीजन के लिए संघर्ष कर रहे थे, तब 144 करोड़ रुपये के टैक्स माफ कर दिए गए।
भाजपा के नेता ने दावा किया कि दिल्ली की जनता अब भाजपा पर भरोसा कर रही है। उन्होंने कहा कि हमने त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, असम, महाराष्ट्र, हरियाणा और अन्य राज्यों में किए गए वादों को पूरा किया है। इसी तरह, दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने के बाद जनता को केंद्र सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ मिलेगा। हमारा संकल्प पत्र हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।




