Advertisement
Advertisement
होम / Delhi Election Result 2025: दिल्ली चुनाव में भाजपा की जीत पर अनिल विज ने जताई खुशी, कांग्रेस को बताया ‘जीरो’

Delhi Election Result 2025: दिल्ली चुनाव में भाजपा की जीत पर अनिल विज ने जताई खुशी, कांग्रेस को बताया ‘जीरो’

BY: • LAST UPDATED : February 8, 2025
Inkhabar Haryana, Delhi Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनावों में भाजपा को मिल रहे रुझानों से यह साफ हो गया है कि पार्टी सरकार बनाने की ओर अग्रसर है। इस बीच हरियाणा सरकार के वरिष्ठ मंत्री अनिल विज ने भाजपा की संभावित जीत पर खुशी जाहिर की और इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की जीत बताया। उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) की हार पर टिप्पणी करते हुए कहा कि झूठ, फरेब और मुफ्तखोरी की राजनीति का सफाया हो रहा है। विज ने कहा कि यह मोदी जी की जीत है। मोदी जी को जय श्री राम।

कांग्रेस पर भी किया प्रहार

दिल्ली चुनावों में कांग्रेस के बेहद खराब प्रदर्शन पर भी अनिल विज ने तीखी प्रतिक्रिया दी। कांग्रेस लगातार पिछड़ती नजर आ रही है और शुरुआती रुझानों के मुताबिक उसका खाता भी नहीं खुला है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए विज ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने बहुत अच्छा फैसला लिया है। कांग्रेस अब इस देश में जीरो हो गई है।

वेलेंटाइन डे पर उठाए सवाल

दिल्ली चुनावी नतीजों पर बयान देने के अलावा अनिल विज ने वेलेंटाइन डे पर भी सवाल खड़ा किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि यदि प्यार को व्यक्त करना ही है, तो केवल वेलेंटाइन डे पर ही क्यों? विज ने सुझाव दिया कि प्रेम को दर्शाने के लिए राधा-कृष्ण दिवस मनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राधा-कृष्ण का प्यार पूरे विश्व में सबसे अलौकिक है। जो गिफ्ट आप वेलेंटाइन डे पर बांटते फिरते हो, वह राधा-कृष्ण दिवस पर होना चाहिए।

Advertisement

बिजली कर्मचारियों पर हमले को लेकर सख्त हुए विज

हरियाणा के नारनौल में बिजली कर्मचारियों पर हुए हमले को लेकर भी अनिल विज ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि जैसे ही मामला उनके संज्ञान में आया, उन्होंने तुरंत अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। विज ने अपने सख्त तेवर दिखाते हुए कहा कि मेरे रहते हुए बिजली कर्मचारियों पर कोई हमला नहीं कर सकता। उन्हें मेरी पूरी सुरक्षा प्राप्त है।