Inkhabar Haryana, Dharambir Singh on Hisar Police Incident: लोकसभा सांसद धर्मवीर सिंह ने सोमवार को संसद सत्र और प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने विपक्ष पर देश की लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को बाधित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब सत्र नहीं बुलाया जाता, तो विपक्ष हंगामा करता है और जब बुला लिया जाता है, तो सत्र चलने ही नहीं देते। सांसद ने रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों को लेकर विपक्षी दलों की बयानबाजी पर भी नाराजगी जताई।
संसद सत्र पर तीखा हमला
धर्मवीर सिंह ने कहा कि संसद सत्र को लेकर विपक्ष का दोहरा रवैया सामने आ गया है। विपक्ष लंबे समय से संसद सत्र बुलाने की मांग कर रहा था, लेकिन अब जब सत्र बुला लिया गया है, तो वही विपक्ष बार-बार सदन की कार्यवाही को बाधित कर रहा है। रोज़ हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ रही है। यह पता नहीं कि वे सत्र चलने देंगे या नहीं।
रोहिंग्या मुद्दे पर सांसद का बयान
सांसद धर्मवीर ने कहा कि विपक्ष रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों के वोट काटे जाने पर संसद में हंगामा कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह भारत है, और भारत को भारत रहने दो। देश की सुरक्षा और अखंडता से समझौता नहीं किया जा सकता।
कानून-व्यवस्था पर योगी सरकार की तारीफ
हरियाणा में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए सांसद धर्मवीर सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में कानून-व्यवस्था के मामले में अगर किसी का नाम लिया जाता है, तो वह है योगी आदित्यनाथ। उन्होंने सख्त प्रशासन के जरिए अपराध पर प्रभावी नियंत्रण दिखाया है।
पुलिस पर हुई कार्रवाई पर उठाए सवाल
हिसार की घटना का जिक्र करते हुए सांसद ने बताया कि जब पुलिस अपराधियों पर कार्रवाई करने गई, तो खुद पुलिसकर्मियों पर हमला हुआ। लेकिन बाद में सरकार ने उन्हीं पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई कर दी। अगर पुलिस का ही मनोबल तोड़ेंगे, तो कैसे कानून-व्यवस्था कायम रह पाएगी? उन्होंने पुलिस के खिलाफ दर्ज मुकदमों को अनुचित बताते हुए कहा कि इससे पुलिस का मनोबल टूटेगा और भविष्य में इसका गंभीर असर पड़ेगा।