Inkhabar Haryana, Digvijay Chautala on Bhagwant Mann: हरियाणा के सिरसा जिले में जेजेपी नेता दिग्विजय सिंह चौटाला ने प्रेस वार्ता के दौरान विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखी। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री पर संवैधानिक मर्यादाओं के उल्लंघन से लेकर देश की सेनाओं की वीरता और हरियाणा की राजनीति तक पर तीखे शब्दों में बयान दिए। आइए जानें दिग्विजय चौटाला के बयानों का पूरा ब्यौरा क्रमवार:
हरियाणा-पंजाब जल विवाद पर भगवंत मान को घेरा
पानी के बंटवारे को लेकर पंजाब और हरियाणा के बीच जारी विवाद पर दिग्विजय चौटाला ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मान ने संवैधानिक ढांचे पर चोट पहुँचाई है और उनका रवैया न सिर्फ देश के कानून बल्कि अखंडता के खिलाफ भी है। अगर पंजाब और हरियाणा पानी को लेकर आपस में लड़ेंगे तो फिर देश की एकता की बात कहां करेंगे? चौटाला ने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की हार के बाद भगवंत मान निराशा में इस तरह के बयान दे रहे हैं।
भारतीय सेनाओं को किया सलाम
भारतीय सेनाओं की वीरता पर बात करते हुए दिग्विजय ने भावुक अंदाज में कहा कि देश उनकी बहादुरी और बलिदान को कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने पाकिस्तान में की गई कार्रवाई का उदाहरण देते हुए कहा कि भारतीय सेनाओं ने पाकिस्तान की “न्यूक्लियर आत्मा” को झकझोर दिया। अगर सेना नहीं होती तो ये देश नहीं होता, पूरे देश को उन्हें सलाम करना चाहिए।
कर्नल सोफिया कुरैशी पर टिप्पणी को बताया शर्मनाक
मध्यप्रदेश के मंत्री विजय शाह द्वारा कर्नल सोफिया कुरैशी पर की गई टिप्पणी की चौटाला ने कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि देश की जिस बेटी ने पाकिस्तान के खिलाफ संघर्ष के समय अग्रिम पंक्ति में रहते हुए देश का नाम रोशन किया, उसके लिए ऐसे शब्द कहना बेहद शर्मनाक है। मंत्री, मुख्यमंत्री या केंद्रीय मंत्री बनने से डीएनए नहीं बदलते। जिनके डीएनए में भाई को भाई से और धर्म के नाम पर लड़ाने की सोच हो, उनसे क्या अपेक्षा की जा सकती है?
कांग्रेस और दीपेंद्र हुड्डा पर तंज
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए दिग्विजय चौटाला ने दीपेंद्र सिंह हुड्डा को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि हुड्डा अब फोन भी नहीं उठाते। साथ ही उन्होंने कांग्रेस की कार्यप्रणाली पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पार्टी घर की बही की तरह चल रही है जब मन करे, नया खाता खोल देती है। कई जगह तो कांग्रेस के विधायक ही गुमशुदा हो गए हैं, उन्हें खुद नहीं पता कि वे किसके साथ हैं।
डबवाली में सक्रियता और आदित्य चौटाला पर हमला
अपने डबवाली क्षेत्र को लेकर उन्होंने कहा कि वहां के लोगों ने जो विश्वास जताया है, उसका जीवन भर सेवक और पहरेदार बनकर निर्वहन करेंगे। वहीं, डबवाली के मौजूदा विधायक आदित्य चौटाला को उन्होंने “एरोगेंट” करार दिया और कहा कि उनकी भाषा, बॉडी लैंग्वेज और बातचीत का तरीका अहंकार से भरा हुआ है। पांच साल बाद उन्हें इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
बेरोजगारी और नशे पर चिंता
राज्य में बढ़ती बेरोजगारी और नशाखोरी पर सवाल पूछे जाने पर दिग्विजय चौटाला ने कहा कि जेजेपी ने निजी क्षेत्र में 75% आरक्षण लागू कर ऐतिहासिक कदम उठाया। लेकिन बीजेपी और कांग्रेस ने मिलकर इसे अदालत में चुनौती दिलवाकर स्टे लगवाया, क्योंकि उन्हें डर है कि इसका श्रेय कहीं दुष्यंत चौटाला न ले जाएं।