




Inkhabar Haryana, Digvijay Chautala on Manisha Murder case: भिवानी जिले की शिक्षिका मनीषा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। घटनाक्रम जितना सुलझता हुआ दिखाई देता है, उतना ही नए मोड़ लेकर सामने आ रहा है। एक ओर प्रशासन और धरना कमेटी मामले को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पीड़िता के परिजन और स्थानीय लोग इसे हत्या मानकर न्याय की गुहार लगा रहे हैं। इस पर दिग्विजय चौटाला ने बड़ा बयान देते हुए हरियाणा की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है।
मनीषा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया और बेटी को न्याय दिलाने की मांग की। इसी दौरान एक सुसाइड नोट मिलने की बात सामने आई, जिसे आधार बनाकर पुलिस ने आत्महत्या का एंगल पेश किया।
मामले ने जब राजनीतिक रंग लेना शुरू किया तो कई नेताओं की प्रतिक्रियाएं भी आने लगीं। जननायक जनता पार्टी (JJP) के नेता दिग्विजय चौटाला ने साफ कहा कि वे मनीषा के परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने प्रशासन पर दबाव डालने का आरोप लगाया और यह भी कहा कि इंटरनेट सेवाएं बंद करना गलत कदम है, इससे केवल लोगों की आवाज दबाने की कोशिश हो रही है।
लेकिन मंगलवार को घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया। मनीषा के पिता संजय का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें उन्होंने कहा कि मैंने दबाव में आकर बयान दिया था। मेरी बेटी कभी आत्महत्या नहीं कर सकती। मुझे इस बात का विश्वास नहीं है। प्रशासन और कमेटी ने मुझ पर दबाव बनाया था। उन्होंने साफ कहा कि उनकी बेटी की मौत संदिग्ध है और यह हत्या का मामला है। संजय ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई और कहा कि असली दोषियों को बेनकाब कर सख्त सजा दिलाई जाए।




