Inkhabar Haryana, Dushayant Chautala Slams BJP and Congress: हरियाणा की राजनीति एक बार फिर गरमाई हुई है। जींद में रविवार को जननायक जनता पार्टी (JJP) के सदस्यता अभियान की शुरुआत करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने भाजपा और कांग्रेस दोनों को आड़े हाथों लिया। बिना नाम लिए उन्होंने भूपेंद्र हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा पर करारा हमला बोला और कहा कि बाप-बेटे की जोड़ी ने कांग्रेस को बर्बादी की ओर धकेल दिया।
कांग्रेस पर तीखा हमला
दुष्यंत चौटाला ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी अब जनता की लड़ाई लड़ने के काबिल नहीं रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिस पार्टी का 11 साल से हरियाणा में संगठन ही नहीं है, वह जनता का भला कैसे करेगी? उन्होंने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा और कहा कि वे अपने ही नेताओं को कभी “लंगड़ा घोड़ा” और कभी “बारात का घोड़ा” बता रहे हैं। यह साफ संकेत है कि कांग्रेस का आंतरिक ढांचा चरमरा चुका है।
उन्होंने भूपेंद्र और दीपेंद्र हुड्डा पर आरोप लगाया कि उचाना विधानसभा क्षेत्र में उन्होंने जानबूझकर एक निर्दलीय प्रत्याशी को मैदान में उतारा ताकि JJP को हराया जा सके। उन्होंने कहा कि जिस निर्दलीय उम्मीदवार की तीसरे स्थान पर रही, उसकी फंडिंग किसने की यह पूरे हलके की जनता जानती है। उन्होंने दावा किया कि यही साजिश बवानी खेड़ा (भिवानी) और सोहना (गुड़गांव) में भी रची गई।
भाजपा को सत्ता से बाहर करने का संकल्प
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि उनकी पार्टी अब भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए युवाओं को केंद्र में रखकर रणनीति बनाएगी। उन्होंने माना कि किसान आंदोलन के समय कुछ युवा पार्टी से दूर हुए थे, लेकिन अब वे लौटने लगे हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की विचारधारा में भरोसा रखने वाले सभी पुराने साथियों को JJP में वापस लाया जाएगा।
जींद मेडिकल कॉलेज को लेकर सरकार पर आरोप
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने जींद मेडिकल कॉलेज की देरी के लिए सीधा प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि OPD चालू कराने में खुद सरकार अड़चन डाल रही है, क्योंकि वह नहीं चाहती कि जींद का विकास हो। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की मंशा पहले कोरियावास मेडिकल कॉलेज को शुरू करने की है, जबकि जींद मेडिकल कॉलेज में अभी तक निदेशक की भी नियुक्ति नहीं हुई है।
जब दुष्यंत से यह सवाल पूछा गया कि विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्ढा मेडिकल कॉलेज के निर्माण का श्रेय ले रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि श्रेय लेने में कोई हर्ज नहीं, लेकिन कम से कम OPD तो शुरू करवा दें। उन्होंने दावा किया कि कॉलेज की रुकी हुई फाइलों को उपमुख्यमंत्री रहते उन्होंने ही क्लियर करवाया था। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी भी उन्होंने पूरी की थी और नहरी पानी पर आधारित पेयजल परियोजना के लिए जमीन भी उन्हीं की पहल पर मिली थी।