




Election Prepration: हरियाणा में चुनावी तैयारियों के अंतिम चरण में, अंबाला जिले में विशेष प्रबंध किए गए हैं। चुनाव कार्यालय ने महिलाओं, युवाओं और दिव्यांग मतदाताओं के लिए चारों विधानसभा क्षेत्रों में विशेष बूथ तैयार किए हैं। प्रत्येक विधानसभा में महिलाओं के लिए पिंक बूथ, युवाओं के लिए यूथ बूथ और दिव्यांग मतदाताओं के लिए पीडब्ल्यूडी बूथ स्थापित किए गए हैं।
पिंक बूथों को गुलाबी रंग से सजाया जाएगा और यहाँ महिला कर्मचारी ही ड्यूटी पर रहेंगी। यूथ बूथों में युवा कर्मचारी तैनात रहेंगे ताकि युवा मतदाता आरामदायक माहौल में वोट डाल सकें।
दिव्यांग मतदाताओं के लिए पीडब्ल्यूडी बूथ पर विशेष व्यवस्थाएँ की गई हैं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके अलावा, मतदाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए पिंक और यूथ बूथों पर सेल्फी कॉर्नर भी स्थापित किए जा रहे हैं।
जिले में महिला मतदाताओं की संख्या लगभग 4 लाख 20 हजार है, जबकि 18 से 19 वर्ष के युवा मतदाताओं की संख्या 17,518 और दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 6,284 है। अंबाला सिटी विधानसभा क्षेत्र में राजकीय प्राइमरी स्कूल बलदेव नगर में पिंक बूथ, केपीएके महाविद्यालय में यूथ बूथ और बीडीओ कार्यालय में पीडब्ल्यूडी बूथ बनाया गया है। इसी तरह, अंबाला छावनी, नारायणगढ़ और मुलाना विधानसभा क्षेत्रों में भी पिंक, यूथ और पीडब्ल्यूडी बूथ स्थापित किए गए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि इन विशेष बूथों का उद्देश्य महिलाओं, युवाओं और दिव्यांगों के मतदान अनुभव को आसान और सुगम बनाना है। चुनाव तहसीलदार संदीप कुमार ने बताया कि इन बूथों को सुविधाजनक और आकर्षक बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि मतदाता निर्भीक और प्रेरित होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
Purchase Of Paddy: धान की खरीदी में गिरावट, राइस मिलर्स अपनी मांगों को पूरा करने पर अड़े




