Advertisement
Advertisement
होम / Former MLA Chaudhary Indra Nain Death: हरियाणा में पूर्व विधायक चौधरी इंद्र सिंह नैन का निधन, जानें उनके राजनीतिक सफर के बारे में

Former MLA Chaudhary Indra Nain Death: हरियाणा में पूर्व विधायक चौधरी इंद्र सिंह नैन का निधन, जानें उनके राजनीतिक सफर के बारे में

BY: • LAST UPDATED : August 2, 2025
Inkhabar Haryana, Former MLA Chaudhary Indra Nain Death: हरियाणा की राजनीति के एक अनुभवी और समर्पित व्यक्तित्व चौधरी इंद्र सिंह नैन का शुक्रवार देर रात 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे पिछले कई दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और हिसार के जिंदल अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। लंबी बीमारी के बाद उन्होंने अपने पैतृक गांव हसनगढ़ में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से पूरे बरवाला क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

राजनीतिक जीवन की शुरुआत और कांग्रेस में योगदान

चौधरी इंद्र सिंह नैन ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत कांग्रेस पार्टी से की थी। वे 1982 में बरवाला विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतकर विधायक बने। उन्होंने 1982 से 1987 तक हरियाणा विधानसभा में अपने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान वे कांग्रेस सरकार में हैफेड के चेयरमैन भी रहे। उनके कार्यकाल में उन्होंने किसान हितैषी नीतियों को प्राथमिकता दी और कई गांवों में अनाज बिक्री केंद्र स्थापित करवाए, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली।

अपने राजनीतिक सफर के दौरान चौधरी इंद्र सिंह नैन ने पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी बंसीलाल के साथ हरियाणा विकास पार्टी (हविपा) का दामन थामा और नरवाना विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ा, हालांकि इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्होंने राजनीति से दूरी बनाते हुए सामाजिक कार्यों में सक्रियता बढ़ाई।

Advertisement

निजी जीवन और उत्तराधिकारी

पूर्व विधायक इंद्र सिंह नैन की कोई संतान नहीं थी। उन्होंने अपने भतीजे एडवोकेट जयवीर नैन को गोद लिया हुआ था। उनका परिवार लंबे समय से हिसार के आजाद नगर क्षेत्र में निवास कर रहा था। शनिवार सुबह 11 बजे उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई और उनके पैतृक गांव हसनगढ़ में अंतिम संस्कार किया गया।

पूर्व विधायक के निधन पर हरियाणा के जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक हस्तियों ने शोक प्रकट किया है। बरवाला से वर्तमान विधायक एवं प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि चौधरी इंद्र सिंह नैन का योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा। उन्होंने क्षेत्र के विकास और सामाजिक उत्थान में जो भूमिका निभाई, वह मिसाल है।