Inkhabar Haryana, Gokul Setia on Abhay Chautala Statement: हरियाणा के सिरसा की राजनीति इस समय एक नए मोड़ पर खड़ी है। कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया और जिला परिषद सीईओ डॉ. सुभाष चंद्र के बीच शुरू हुआ विवाद अब सीधे इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला और विधायक सेतिया के बीच शह-मात के खेल में बदल चुका है। आरोप-प्रत्यारोप, सोशल मीडिया पर तंज और पुरानी तस्वीरों की सियासत ने जिले की राजनीति को और अधिक गरमा दिया है।
अभय चौटाला के बयान पर सेतिया का पलटवार
दरअसल, विवाद की शुरुआत तब हुई जब अभय सिंह चौटाला ने गोकुल सेतिया पर तंज कसते हुए कहा कि विधायक सीएम के मंच पर चले गए तो क्या कसर बाकी रह गई, वह बीजेपी से मिले हुए हैं। इस बयान के बाद कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर कड़ा पलटवार किया।
सेतिया ने कहा कि वे सिरसा को मिली कुछ सौगातों के लिए धन्यवाद देने सीएम नायब सैनी से मिलने गए थे, इसमें गलत क्या है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अगर मैं लालची होता तो ऐलनाबाद उपचुनाव में ही बीजेपी जॉइन कर लेता, उस समय भी ऑफर थी।
पुरानी तस्वीर का हवाला
सेतिया ने अपने जवाब को और धार देते हुए सोशल मीडिया पर नवंबर 2024 की एक तस्वीर शेयर कर दी, जिसमें अभय सिंह चौटाला और उनके बेटे कर्ण चौटाला पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात करते नजर आ रहे थे। विधायक ने सवाल उठाया, “अगर मैं सीएम से मिलूं तो गलत और आप खट्टर साहब से मिलें तो सही? राजनीति में इस तरह की टिप्पणी शोभा नहीं देती।”
जिला परिषद विवाद से उपजा मामला
इस पूरे विवाद की जड़ जिला परिषद कार्यालय में शुरू हुआ वह धरना है, जो जिला पार्षदों ने सीईओ के खिलाफ दिया था। इसी बीच गोकुल सेतिया और चौटाला परिवार के बीच तनातनी और गहरी हो गई। स्थिति तब और बिगड़ी जब विधायक सेतिया ने डबवाली रोड पर सीईओ की सरकारी गाड़ी का पीछा किया। इसके बाद राजनीतिक तकरार खुलकर सामने आ गई।
CEO पर गंभीर आरोप
लाइव के दौरान सेतिया ने जिला परिषद सीईओ पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सीईओ एक मंत्री को लेकर सीएम से मिले और अपनी ओर से गलत रिपोर्ट पेश की। विधायक ने साफ कहा कि वे जल्द ही सीएम से मिलकर इस पूरे मामले की सच्चाई उजागर करेंगे और बताएंगे कि किस तरह सीईओ इलाके के हितों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
कांग्रेस विधायक का पार्टी लाइन पर संदेश
विधायक गोकुल सेतिया ने यह भी कहा कि उनके कदम पर कांग्रेस हाईकमान पहले ही स्पष्ट कर चुका है। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने साफ कहा है कि गोकुल सेतिया अपने लोगों की समस्याओं को उठाने के लिए सीएम से मिले थे, इसमें कुछ भी गलत नहीं है।