




Inkhabar Haryana, Haryana Election 2024: हरियाणा के चुनाव में सिर्फ 2 सप्ताह से कम का समय बचा है। 10 साल की ऐंटी-इनकम्बैंसी का सामना कर रही BJP ने भी कमर कस ली है। BJP ने RSS से इस चुनाव में मदद मांगी है और पन्ना प्रमुख वाला अभियान तेज करने का निर्णय लिया है। पन्ना प्रमुख की रणनीति में आरएसएस कैडर से सहयोग की उम्मीद है। नमो ऐप के जरिए बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की भी कोशिश है। ये सारी बातें इसलिए तेज हो रही हैं क्योंकि बीजेपी को राज्य की ऐसी 20 सीटों पर चुनावी खेल बदलने की उम्मीद है।
बता दें कि, इन 20 सीटों पर कोई भी अपनी जीत का दावा करने की स्थिति में नहीं है। यहां निर्दलीय भी कई सीटों पर बहुत मजबूत इरादे में हैं। इस बात पर कांग्रेस टेंशन में है और BJP इसे अपने लिए एक मौके के रुप में देख रही है। इस सीटों में कुरुक्षेत्र, हिसार, सिरसा आदि शामिल हैं। ऐसे में BJP को लग रहा है कि वोटों के बंटवारे के बीच यदि अपने काडर को मजबूत कर लिया जाए तो बढ़त मिल सकती है। पन्ना प्रमुख की रणनीति पर काम करते हुए अगले 10 दिनों में गली-गली और गांव-गांव जाने की योजना है।
बता दें कि, BJP के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली का भी कहना है कि हमारी पार्टी जमीनी कार्यकर्ताओं वाली है। बड़ी तदाद में ऐसे लोग है, जो बिना किसी स्वार्थ के सहयोग कर रहे हैं। ऐसे में उन लोगों से अपील की जाएगी कि वे आगे आएं और चुनाव में पार्टी की मदद करें। उन्हें मेरा बूथ सबसे मजबूत का नारा दिया जाएगा और पन्ना प्रमुख की रणनीति के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। दरअसल, बीजेपी नेतृत्व को लगता है कि लोकसभा चुनाव में बड़ी संख्या में संघ कार्यकर्ता निष्क्रिय थे और अब अगर उन्हें उनका साथ मिल जाए तो हालात बदल सकते हैं।




