




Inkhabar Haryana, Haryana Election 2024: डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम को 20 दिन की पैरोल मिल गई है, जिसके बाद उन्हें रोहतक जेल से रिहा कर दिया गया है। इस बार उन्हें यूपी के बरनावा आश्रम में रहने की इजाजत दी गई है। राम रहीम की रिहाई के मुद्दे पर कांग्रेस ने एतराज जताया, यह कहते हुए कि इससे आगामी विधानसभा चुनाव प्रभावित हो सकते हैं। पार्टी ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर पैरोल पर आपत्ति दर्ज कराई।
जानकारी के लिए बता दें कि, राम रहीम की रिहाई की प्रक्रिया में सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया। सुबह-सुबह सुनारियां जेल के बाहर हलचल बढ़ गई, और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया। राम रहीम को कड़ी सुरक्षा के बीच रिहा किया गया। यह उल्लेखनीय है कि राम रहीम हाल ही में 4 सितंबर को 21 दिन की फरलो पर जेल से बाहर आए थे। सरकार ने राम रहीम को सशर्त पैरोल दी है।
बता दें कि, सरकार ने यह शर्त रखी है कि वह हरियाणा में नहीं रहेंगे और सोशल मीडिया तथा चुनावी गतिविधियों से दूर रहेंगे। अगर वे इन शर्तों का पालन नही करते हैं, तो उनकी पैरोल तुरंत रद्द कर दी जाएगी।
विश्लेषकों का मानना है कि राम रहीम की रिहाई भाजपा के लिए चुनावी रणनीति का हिस्सा हो सकती है, क्योंकि उनका राज्य के 32 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों पर प्रभाव है। यह देखना होगा कि राम रहीम की रिहाई का राजनीतिक परिणाम क्या होता है और क्या इससे चुनावों में कोई बदलाव आता है।




