




Inkhabar Haryana, Haryana Election 2024: हरियाणा के कालका विधानसभा क्षेत्र के ककराली गांव में मतदान का माहौल काफी उत्साहवर्धक दिखा। सुबह से पुरुष मतदाताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं, जबकि अब महिलाओं की कतारें भी पुरुषों से लंबी होती जा रही हैं। सुबह के घरेलू कामकाज के बाद महिलाएं बड़ी संख्या में मतदान करने के लिए बाहर निकल आई हैं, जो इस बार चुनावी प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है।
इंडिया न्यूज़ के संवाददाता देवेंद्र कौशिक ने लाइन में खड़ी महिलाओं से बातचीत की। महिलाओं ने बताया कि वे अपनी आवाज को मतदान के माध्यम से बुलंद करने के लिए यहां आई हैं। उनका मुख्य मुद्दा विकास है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच सालों में क्षेत्र में कोई उल्लेखनीय विकास नहीं हुआ है। महिलाओं ने बिजली, पानी और स्वास्थ्य सेवाओं जैसे बुनियादी मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए वोट देने का निर्णय लिया है।
बता दें कि, एक महिला ने कहा, “हमारे बच्चे शिक्षा के लिए तरस रहे हैं। हमें अच्छी सुविधाएं चाहिएं।” दूसरी महिला ने भी इसी भावनाओं को व्यक्त करते हुए कहा, “हम विकास चाहते हैं ताकि हमारी जिंदगी में सुधार हो सके। अगर हमें अपनी समस्याओं का समाधान चाहिए, तो हमें सही उम्मीदवार का चुनाव करना होगा।”
Election 2024: वोटिंग के दौरान एक संदिग्ध वाहन मिलने से हड़कंप, मिला लाइसेंसी हथियार
महिलाओं की यह एकजुटता और सक्रियता न केवल मतदान के प्रति उनकी जागरूकता को दर्शाती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि वे अपने अधिकारों को लेकर गंभीर हैं। इस बार का चुनाव केवल नेताओं का नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास और उनके भविष्य का चुनाव है। इस तरह की उत्साही भागीदारी से स्पष्ट है कि ककराली की महिलाएं अब अपने हक के लिए खड़ी दिखी।




