




Inkhabar Haryana, Haryana Election: हरियाणा विधानसभा चुनाव के बीच इनेलो के विधायक और प्रधान महासचिव अभय चौटाला ने एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि इस बार कांग्रेस पूरी तरह हाशिए पर है और हरियाणा में इनेलो-बसपा गठबंधन की सरकार बनेगी। उनके अनुसार, भूपेंद्र सिंह हुड्डा इस गठबंधन से काफी परेशान हैं।
जानकारी के अनुसार, अभय चौटाला ने कहा कि अगर उनकी सरकार बनी, तो भूपेंद्र हुड्डा को जेल भेजा जाएगा। यह बात उन्होंने चुनावी माहौल को गरमाते हुए कही। तो वहीं, इसके अलावा उन्होंने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा और कहा कि वह आरक्षण खत्म करने की बात करते हैं। वहीं, उन्होंने आगे कहा कि अगर उनकी सरकार आई, तो आरक्षण को और बढ़ावा देंगे। बीजेपी पर भी अभय चौटाला ने जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने उनके खिलाफ प्रचार किया, मगर वह फिर भी चुनाव जीत गए। उन्होंने यह भी कहा कि मोदी और शाह के हरियाणा दौरे का उनके चुनाव पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
तो वहीं, अभय चौटाला ने यह जानकारी भी दी कि मायावती हरियाणा में पांच जनसभाएं करेंगी। हाल ही में उचाना में मायावती ने एक जनसभा को संबोधित किया था। इससे यह उम्मीद बढ़ी है कि इनेलो और बसपा का गठबंधन सरकार बना सकता है। चौटाला ने यह भी दावा किया कि सिरसा की पांचों सीटें उनका गठबंधन जीतने वाला है। तो वहीं, उन्होंने कहा कि प्रदेश में उनकी ही सरकार बनेगी, जिससे वह चुनावी मैदान में अपनी स्थिति को मजबूत मानते हैं। इस तरह, हरियाणा में चुनावी हलचल बढ़ गई है और इनेलो-बसपा का गठबंधन एक नई उम्मीद लेकर आया है।




