




InKhabar Haryana, Haryana Election: हरियाणा विधानसभा चुनाव का बिगुल बजते ही बीजेपी में बगावत शुरू हो गई थी, जिसके तहत करीब 20 नेताओं ने पार्टी छोड़ दी थी। अब कांग्रेस भी बगावत की स्थिति का सामना कर रही है। कांग्रेस के कुछ नेताओं ने टिकट न मिलने के कारण निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया है।
गुरुवार, 12 सितंबर को नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन, कांग्रेस के पूर्व राज्य मंत्री संपत सिंह (नलवा), पूर्व विधायक ललित नागर (तिगांव), और शारदा राठौर (बल्लभगढ़) ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनावी मैदान में उतरने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त, चित्रा सरवारा (अंबाला छावनी) और रोहिता रेवड़ी (पानीपत शहर) ने भी निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया है। बवानी खेड़ा से टिकट के दावेदार पूर्व विधायक राम किशन फौजी ने भी निर्दलीय नामांकन दाखिल किया है।
ललित नागर ने तिगांव में अपने समर्थकों के साथ एक सभा में अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि पार्टी के कुछ लोगों ने उनके खिलाफ साजिश की और उनकी राजनीतिक हत्या करने का प्रयास किया। नागर ने बताया कि कांग्रेस ने इस सीट पर नए चेहरे रोहित नागर को टिकट दिया है, जबकि स्थानीय लोगों के अनुसार नागर को ही टिकट मिलना चाहिए था।
चित्रा सरवारा ने भी अपनी नाराजगी व्यक्त की। उनका कहना था कि अंबाला छावनी से टिकट नहीं मिलने की वजह से उन्हें बहुत मुश्किल हो रही है, जबकि वे पार्टी द्वारा किए गए सर्वे में सबसे आगे थीं और स्थानीय समर्थन भी अच्छा था। बल्लभगढ़ से टिकट की दावेदार शारदा राठौर ने भी कांग्रेस पर विश्वासघात का आरोप लगाया। उन्होंने अपने समर्थकों के सामने रोते हुए कहा कि पार्टी ने उनके साथ अन्याय किया है।
हरियाणा में कांग्रेस 89 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि भिवानी सीट सीपीआई (एम) को गठबंधन के तहत दी गई है। 5 अक्तूबर को मतदान होगा और वोटों की गिनती 8 अक्तूबर को की जाएगी। सभी 90 विधानसभा सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है।




