




Haryana Election: हरियाणा में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने असंध विधान सभा क्षेत्र के जुंडला में एक जनआशीर्वाद रैली को संबोधित किया, जहां उन्होंने प्रदेश के विकास पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों में हरियाणा में भाजपा के नेतृत्व में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने कांग्रेस के शासनकाल की तुलना करते हुए कहा कि पहले हरियाणा की स्थिति बहुत खराब थी, लेकिन नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश ने विकास की गति तेज की है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने जोर देकर कहा कि भाजपा सरकार ने हरियाणा को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। उन्होंने 2014 के बाद हुए विकास कार्यों को रेखांकित करते हुए कहा कि भाजपा की नीतियों ने न केवल राज्य बल्कि देश का भी स्वाभिमान और सम्मान बढ़ाया है। उनके अनुसार, भाजपा हमेशा सभी को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है और उसका उद्देश्य समाज के हर वर्ग का विकास करना है।
भाजपा प्रत्याशी योगेंद्र राणा के समर्थन में हो रही इस रैली में मुख्यमंत्री शर्मा को पगड़ी पहनाकर और शॉल व गदा भेंट करके सम्मानित किया गया। उन्होंने अपने भाषण में यह भी कहा कि भाजपा का संकल्प हमेशा सनातन संस्कृति और परंपराओं के साथ चलने का रहा है, और यही पार्टी की मजबूती का आधार है। मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि इस बार भी भाजपा को भारी बहुमत से विजयी बनाकर हरियाणा में विकास की इस गति को बरकरार रखने का काम करें। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में भाजपा सरकार की हैट्रिक लगाकर विकास की नई मिसाल कायम करनी है।
Grain Market: अचानक हुई बारिश से अनाज मंडी में भीगा हजारों क्विंटल धान




