




Inkhabar Haryana, Haryana Election: सांसद कार्तिकेय शर्मा ने कांग्रेस की ईवीएम पर उठाए गए सवालों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उनका कहना है कि कांग्रेस को अब चुनाव परिणामों को लेकर नए बहाने ढूंढने चाहिए। जब भी कांग्रेस चुनाव जीतती है, तब ईवीएम सही मानी जाती है, लेकिन जब हार होती है, तो यह मशीनें संदिग्ध हो जाती हैं। यह दोहरे मानदंडों की एक स्पष्ट मिसाल है, जो दर्शाता है कि पार्टी अपनी असफलताओं को स्वीकार करने के बजाय दोषारोपण की राजनीति कर रही है।
बता दें कि, शर्मा ने यह भी कहा कि जनता ही लोकतंत्र में अंतिम निर्णय करती है, और इस बार जनता ने नरेंद्र मोदी और नायाब सैनी के नेतृत्व में अपना विश्वास प्रकट किया है। उन्होंने उदाहरण के तौर पर हिमाचल, कर्नाटक और तेलंगाना में कांग्रेस की जीत का हवाला दिया, यह दर्शाते हुए कि वहां ईवीएम पर कोई सवाल नहीं उठाए गए।
उनका यह भी कहना है कि कांग्रेस की यह हरकतें उसे एक राष्ट्रीय पार्टी के रूप में शोभा नहीं देती।
बीजेपी नेता कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि वास्तविकता यह है कि चुनाव परिणाम जनता के द्वारा तय किए जाते हैं, और पार्टी को उन परिणामों का सम्मान करना चाहिए। हरियाणा में नायब सैनी की नेतृत्व क्षमता को जनता ने सराहा है, और इस पर गर्व होना चाहिए। कार्तिकेय शर्मा ने जोर दिया कि कांग्रेस को अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए सकारात्मक राजनीति की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। जनादेश का सम्मान करना ही लोकतंत्र की सच्ची भावना है।




