




Inkhabar Haryana, Haryana Election: हरियाणा बीजेपी अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कांग्रेस पार्टी की हार पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी की हार के लिए भूपेंद्र सिंह हुड्डा पूरी तरह जिम्मेदार हैं। बड़ौली ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के उम्मीदवार सिर्फ बयानबाजी कर रहे हैं और यदि उनसे पूछा जाए तो वे खुद स्वीकार करेंगे कि हुड्डा के नेतृत्व में पार्टी ने कोई ठोस कदम नहीं उठाए। उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा में कांग्रेस की स्थिति अब बेहद कमजोर हो चुकी है, जिससे भाजपा को राजनीतिक लाभ मिला है।
जानकारी के लिए बता दें कि, जब नायब सिंह सैनी के मुख्यमंत्री बनने की संभावनाओं के बारे में पूछा गया, तो बड़ौली ने कहा कि यह निर्णय भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी में नायब सिंह की क्षमताओं की सराहना की गई है और संभावना है कि जल्द ही इस विषय पर कोई फैसला लिया जाएगा। भाजपा की मजबूत स्थिति को लेकर बड़ौली ने विश्वास जताया कि पार्टी आगामी चुनावों में जनता का समर्थन हासिल करेगी।
बता दें कि, बड़ौली ने कहा कि हरियाणा में विकास और प्रगति के लिए भाजपा की योजनाएं और कार्यप्रणाली स्पष्ट रूप से लोगों के सामने हैं। बड़ौली ने यह भी कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में विकास के मामले में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई, जबकि भाजपा ने हरियाणा को एक नई दिशा दी है। उनकी इस बात का जोर देकर कहना था कि आने वाले समय में हरियाणा में भाजपा की सरकार बनेगी और नये नेतृत्व के साथ राज्य की विकास यात्रा जारी रहेगी।




