




Haryana Election Voting: हरियाणा में आज विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। सुबह 7 बजे से ही मतदान केंद्रों पर लंबी-लंबी कतारें देखी जा रही हैं। गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने भी वोट डाला है। इस चुनाव में 2.03 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। कुल 1031 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं, जिनमें 930 पुरुष और 101 महिलाएं शामिल हैं। इसके अलावा 442 निर्दलीय उम्मीदवार भी किस्मत आजमा रहे हैं।
मतदान के लिए राज्य में 20,000 से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से सबसे अधिक मतदान केंद्र फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र में हैं, जहां 1650 मतदान केंद्र हैं, जबकि सबसे कम डबवाली विधानसभा क्षेत्र में 400 केंद्र बनाए गए हैं। पूरे राज्य में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अर्धसैनिक बलों की 225 कंपनियों और 29,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है ताकि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से हो सके।
मतदान के लिए 27,866 बैलेट यूनिट और 26,774 वीवीपैट मशीनों का उपयोग किया जा रहा है। इसके अलावा 24,719 कंट्रोल यूनिट्स भी मतदान प्रक्रिया में शामिल की गई हैं। हरियाणा में कुल 2,03,54,350 मतदाता हैं, जिनमें 1,07,75,957 पुरुष, 95,77,926 महिलाएं और 467 थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल हैं। 18 से 19 साल के युवाओं की संख्या 5,24,514 है, जबकि 1,49,142 दिव्यांग मतदाता भी इस चुनाव में हिस्सा ले रहे हैं।
चुनाव आयोग ने सभी पोलिंग पार्टियों को शुक्रवार दोपहर तक मतदान केंद्रों पर भेज दिया था। मतदान शाम 6 बजे तक जारी रहेगा, और लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। अब देखना है कि मतदाताओं का फैसला किसके पक्ष में जाता है और कौन अगले 5 साल तक हरियाणा की सत्ता संभालेगा।




