Inkhabar Haryana, Haryana Municipal Election 2025: हरियाणा के मानेसर नगर निगम के पहले चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा ने अपने मेयर प्रत्याशी सुंदर लाल यादव के समर्थन में चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। इसी कड़ी में पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने मानेसर में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने जनता से अपील की कि वे एक नेक इंसान को चुनें, न कि किसी बदमाश को।
भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद का अंत किया – मनोहर लाल
पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार के 10 वर्षों की उपलब्धियों को जनता के सामने रखते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले प्रदेश में भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार चरम पर था। नौकरियां बेची जाती थीं, कानून व्यवस्था बिगड़ी हुई थी, और सरकार केवल अपने हित साधने में लगी रहती थी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने इस भ्रष्ट व्यवस्था को खत्म कर कानून का शासन स्थापित किया। आज युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के नौकरी मिल रही है।
मनोहर लाल ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्षी दलों के नेता गुरुग्राम को पैसों की खान समझते थे और बार-बार यहां दौरे लगाते थे। लेकिन भाजपा सरकार ने पारदर्शी व्यवस्था लागू कर जनता का भरोसा जीता है।
मानेसर में भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार जरूरी – राव नरबीर सिंह
कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने भी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मानेसर नगर निगम का भविष्य जनता के फैसले पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले 10 वर्षों में प्रदेश और केंद्र में जो विकास कार्य किए हैं, वही नगर निगम में भी जारी रहेंगे, अगर जनता भाजपा के पक्ष में मतदान करती है। उन्होंने लोगों को सतर्क करते हुए कहा कि अगर दूसरा मेयर बन गया तो आपका विकास रुक जाएगा। मानेसर के विकास के लिए ट्रिपल इंजन की सरकार जरूरी है।
राव नरबीर सिंह ने साफ तौर पर कहा कि भाजपा सरकार गुंडागर्दी और दबंगई की राजनीति बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि शुक्रवार शाम पांच बजे के बाद कोई भी गुंडा मानेसर की सीमा में नहीं रहेगा। जो कोई भी गुंडागर्दी से वोट लेने की कोशिश करेगा, उसे भाजपा सरकार सहन नहीं करेगी।