Inkhabar Haryana, Haryana Municipal Election 2025: हरियाणा के नगर निगम, नगर पालिका और नगर परिषद चुनावों के नतीजे भाजपा के लिए बड़ी जीत लेकर आए हैं। राज्य के 10 नगर निगमों में से 9 पर भाजपा ने अपना परचम लहराया, जबकि केवल मानेसर में निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. इंद्रजीत यादव ने जीत दर्ज की। इस चुनाव में कांग्रेस पूरी तरह से हाशिए पर दिखी और एक भी नगर निगम पर अपना खाता नहीं खोल सकी।
हुड्डा और सैलजा नहीं बचा पाए अपना गढ़
हरियाणा में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के गढ़ माने जाने वाले इलाकों में भी भाजपा ने सेंध लगा दी। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गढ़ कहे जाने वाले रोहतक में भी कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। इसी तरह, सिरसा नगर परिषद में भी भाजपा ने जीत हासिल की, जहां से कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और सांसद कुमारी सैलजा का प्रभाव माना जाता था।
निकाय चुनावों में भाजपा का दबदबा बरकरार
बुधवार को 8 नगर निगमों में मेयर और वार्ड पार्षदों के लिए मतगणना हुई, जबकि सोनीपत और अंबाला नगर निगमों में सिर्फ मेयर पद के लिए उपचुनाव हुए। इन नतीजों से साफ है कि हरियाणा में भाजपा का जनाधार मजबूत हो रहा है, जबकि कांग्रेस अपने पारंपरिक गढ़ों को भी बचाने में नाकाम साबित हो रही है।