Inkhabar Haryana, Haryana Municipal Election Result: हरियाणा में नगर निगम, नगर पालिका और नगर परिषदों के चुनावों के नतीजे आने शुरू हो गए हैं। 10 नगर निगमों के मेयर चुनावों की मतगणना जारी है, जिनमें 8 नगर निगमों में मेयर के साथ वार्ड पार्षदों के भी नतीजे घोषित किए जा रहे हैं। वहीं, सोनीपत और अंबाला में सिर्फ मेयर के लिए उपचुनाव हुए हैं। इसके अलावा 32 नगर पालिका और नगर परिषदों के लिए भी चुनाव और उपचुनाव हुए हैं, जिनके नतीजों पर सबकी नजर बनी हुई है।
मानेसर नगर निगम में निर्दलीय उम्मीदवार डॉ. इंद्रजीत यादव ने शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी सुंदर लाल को पराजित किया। खास बात यह रही कि उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान खुद को केंद्रीय राज्यमंत्री और गुरुग्राम से भाजपा सांसद राव इंद्रजीत सिंह का करीबी बताया था, जिससे उन्हें राजनीतिक फायदा मिला। उन्होंने 2,293 वोटों के अंतर से जीत हासिल की।
अब तक के रुझानों में भाजपा 8 नगर निगमों में आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस सभी निगमों में पिछड़ती नजर आ रही है। पानीपत में भाजपा की मेयर प्रत्याशी कोमल सैनी बड़ी बढ़त बनाए हुए हैं और उनकी जीत तय मानी जा रही है।