Inkhabar Haryana, Haryana Municipal Elections 2025: हरियाणा में होने वाले निकाय चुनाव को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। यह बैठक गुरुवार को दिल्ली में होगी, जिसमें चुनावी रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा। पूर्व सीएम और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इस बैठक को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिया है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव पहले ही हो जाने चाहिए थे, क्योंकि कई पद काफी समय से खाली पड़े हैं।
निकाय चुनाव में कांग्रेस की रणनीति पर होगा फैसला
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस पिछले नगर निगम चुनाव में मेयर पद पर अपने चुनाव चिन्ह पर लड़ी थी, लेकिन इस बार पार्षद और चेयरमैन के चुनाव भी पार्टी चिन्ह पर लड़ने हैं या नहीं, इस पर बैठक में फैसला लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले कांग्रेस पंचायत और अन्य छोटे चुनाव पार्टी चिन्ह पर नहीं लड़ती थी, लेकिन इस बार इस पर विचार किया जा रहा है।
आचार संहिता से बजट सत्र पर असर
हुड्डा ने कहा कि निकाय चुनाव के लिए आचार संहिता लागू हो चुकी है, जिससे राज्य सरकार के बजट सत्र पर असर पड़ सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आचार संहिता लागू होने के बाद सरकार बजट सत्र को लेकर कोई बड़ा निर्णय नहीं ले सकती, जिससे यह सत्र देर से हो सकता है।
कांग्रेस जल्द करेगी आधिकारिक घोषणा
निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस की स्थिति जल्द ही स्पष्ट हो जाएगी। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस एक-दो दिनों में अपनी रणनीति को अंतिम रूप दे देगी और चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ने को लेकर भी निर्णय लिया जाएगा।