




Inkhabar Haryana, Indian Renaissance: The Modi Decade: दिल्ली के NDMC सेंटर में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ‘इंडियन रेनेसां, द मोदी डिकेड’ (Indian Renaissance: The Modi Decade) नामक पुस्तक का विमोचन किया। इस पुस्तक को द संडे गार्जियन फाउंडेशन की चेयरपर्सन, डॉ. ऐश्वर्या पंडित शर्मा ने संपादित किया है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा समेत कई बड़े नेता और गणमान्य लोग शामिल हुए।
गृह मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि जब 2014 में नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने, तब देश को सही मायनों में अंग्रेजियत से मुक्ति मिली। उन्होंने बताया कि पिछले दस वर्षों में भारत के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय सुधार हुए हैं। खासकर कोरोना महामारी के दौरान भारत के शानदार प्रबंधन की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि जब दुनिया महामारी से संघर्ष कर रही थी, तब भारत ने सफलतापूर्वक स्थिति को संभाला।
उन्होंने उन आलोचकों पर भी तंज कसा, जिन्होंने कोरोना के समय ताली और थाली बजाने पर सवाल उठाए थे। गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की अपील पर पूरा देश एकजुट होकर महामारी का सामना करने के लिए तैयार हुआ और लॉकडाउन के दौरान अनुशासन बनाए रखा।
गृह मंत्री अमित शाह ने देश के विकास और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत वर्ष 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनेगा। उन्होंने युवाओं को इस विकास यात्रा का मुख्य केंद्र बताते हुए कहा कि आने वाले समय में भारत दुनिया की अग्रणी शक्ति बनेगा। उन्होंने यह भी कहा कि विकास के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक विरासत को भी सहेजने पर ध्यान दिया जाएगा।
गृह मंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों और सुधारों का उल्लेख करते हुए बताया कि उनकी सरकार ने ऐसे ऐतिहासिक फैसले लिए हैं, जिनसे भारत को प्रगति के नए पथ पर आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने “राजा” की परिभाषा “सेवक” के रूप में दी है और वे देशवासियों की सेवा में निरंतर समर्पित हैं।
मोदी सरकार की विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा:
गृह मंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से लोगों के जीवन में बड़े बदलाव आए हैं और भारतवासियों का आत्मविश्वास पहले से कहीं अधिक मजबूत हुआ है।
अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में हुए विकास पर चर्चा करते हुए अमित शाह ने कहा कि 2014 से पहले भारत विश्व की 15वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, लेकिन आज यह पांचवें स्थान पर पहुंच चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा।
उन्होंने सफाई अभियान की भी सराहना करते हुए कहा कि महात्मा गांधी के बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ऐसे नेता हैं जिन्होंने स्वच्छता को राष्ट्रीय आंदोलन बनाया।
गृह मंत्री ने अपने संबोधन में अयोध्या में बने भव्य राम मंदिर का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पांच शताब्दियों के लंबे इंतजार के बाद प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राम मंदिर का निर्माण हुआ है, जिससे देश की सांस्कृतिक विरासत को मजबूती मिली है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हर वर्ष भारत में एक नए युग की शुरुआत करते हैं और उनके कार्यों को विश्वभर में सराहा जाता है। यही कारण है कि दुनिया के 16 देशों ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा है।
गृह मंत्री ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने को मोदी सरकार की एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह फैसला देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने वाला साबित हुआ है। इसके अलावा, उन्होंने अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत की प्रगति का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि चंद्रयान और स्पेडेक्स मिशन जैसी उपलब्धियां प्रधानमंत्री मोदी की दूरदृष्टि का परिणाम हैं।
गृह मंत्री ने इस अवसर पर घोषणा की कि भारत वर्ष 2036 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2047 तक भारत पूरी दुनिया के सामने एक पूर्ण विकसित राष्ट्र के रूप में खड़ा होगा।




