Advertisement
Advertisement
होम / Kiran Chaudhary: राज्यसभा सांसद किरण चौधरी का तीखा बयान, कहा- “हार के बाद पार्टी ने हार का ठीकरा EVM पर फोड़ा”

Kiran Chaudhary: राज्यसभा सांसद किरण चौधरी का तीखा बयान, कहा- “हार के बाद पार्टी ने हार का ठीकरा EVM पर फोड़ा”

BY: • LAST UPDATED : January 7, 2025

Inkhabar Haryana, Kiran Chaudhary: हरियाणा से राज्यसभा सांसद किरण चौधरी ने कांग्रेस पार्टी पर तीखे हमले करते हुए उसे सिर्फ विरोध की राजनीति करने वाली पार्टी करार दिया। मंगलवार को अपने बयान और सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो के माध्यम से किरण चौधरी ने कांग्रेस की कार्यशैली और उसके राजनीतिक रवैये पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी हार के वास्तविक कारणों को समझने और सुधारने के बजाय दिखावटी कमेटियां बनाकर केवल खानापूर्ति करती है।

चुनावी हार और EVM का मुद्दा

किरण चौधरी ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव में हार के बाद पार्टी ने हार का ठीकरा EVM पर फोड़ा। उन्होंने कहा कि पार्टी ने हार की समीक्षा के लिए कमेटी तो बनाई, लेकिन यह नहीं देखा कि अंदरूनी फूट और टिकट वितरण में गड़बड़ी जैसी समस्याएं कहां से उत्पन्न हुईं। उनके अनुसार, कांग्रेस ने अपनी कमजोरियों को समझने की बजाय केवल बाहरी कारणों को जिम्मेदार ठहराने की आदत बना ली है।

संविधान और बाबा साहेब अंबेडकर पर कांग्रेस का रुख

किरण चौधरी ने कांग्रेस पर संविधान के साथ छेड़छाड़ करने का भी गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने संविधान निर्माता बाबा साहेब अंबेडकर के लिए कभी कुछ नहीं किया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने संविधान का गलत उपयोग करते हुए आर्टिकल 356 का 87 बार दुरुपयोग किया, जो राज्यों में राष्ट्रपति शासन लागू करने से संबंधित है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस बाबा साहेब के नाम का इस्तेमाल केवल राजनीतिक लाभ के लिए करती है, जबकि उनके असली योगदान को नजरअंदाज करती है।

विरोध की राजनीति पर सवाल

किरण चौधरी ने कांग्रेस की रणनीति को केवल विरोध की राजनीति तक सीमित बताते हुए कहा कि पार्टी के पास देश और जनता के लिए कोई ठोस योजना या दिशा-निर्देश नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसी राजनीति से जनता का विश्वास हासिल करना मुश्किल है। उनके अनुसार, कांग्रेस केवल विरोध के लिए विरोध करती है, जो समाज में भ्रम फैलाने का काम करता है।