




फरटिया गांव की दलित बेटी, जो लोहारू के एक कॉलेज में बीए फाइनल ईयर की छात्रा थी, ने आत्महत्या कर ली। आरोप है कि फीस न देने की वजह से उसे इस कदम के लिए मजबूर किया गया। यह कॉलेज कांग्रेस विधायक का है और लड़की विधायक के ही गांव की रहने वाली थी। साथ ही आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप विधायक के रिश्तेदार पर लगा है।
कृष्ण बेदी ने कहा कि कांग्रेस ने फ्री शिक्षा का वादा कर जनता का समर्थन हासिल किया था, लेकिन इस घटना ने उनकी नीयत और वादों की पोल खोल दी है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब विधायक के कॉलेज में पढ़ने वाली एक गरीब दलित बेटी फीस के कारण अपनी जान देने को मजबूर हो गई, तो कांग्रेस इस पर सफाई देने के बजाय राजनीति क्यों कर रही है।
मंत्री बेदी ने कहा कि भाजपा सरकार दोषियों को बख्शेगी नहीं। दीक्षा हमारी बेटी थी। हरियाणा सरकार न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। चाहे आरोपी कितना भी रसूखदार क्यों न हो, उसे कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला सोशल मीडिया पर बयानबाजी करके दलित बेटी के साथ हुए अन्याय को नजरअंदाज कर रहे हैं। बेदी ने कहा कि यह कांग्रेस की राजनीति का शर्मनाक चेहरा है।
कृष्ण बेदी ने कहा कि कांग्रेस का दलित विरोधी चेहरा इस घटना से फिर बेनकाब हो गया है। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर से लेकर आज तक कांग्रेस ने दलित समाज का अपमान किया है। उन्होंने बाबा साहेब को संसद तक पहुंचने से रोका, और आज भी उनके सिद्धांतों के खिलाफ काम कर रहे हैं।
कृष्ण बेदी ने कांग्रेस को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कांग्रेस ने अपनी “घटिया राजनीति” से बाज नहीं आया तो उसे दलित समाज के गुस्से का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा दलित समाज का सम्मान किया है और इस मामले में भी पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।




