E-दिशा केंद्र में प्रदर्शनी का अवलोकन
मंत्री बेदी ने कार्यक्रम से पूर्व सिरसा स्थित ई-दिशा केंद्र का दौरा किया, जहां केंद्र सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन किया गया था। उन्होंने वहां प्रदर्शित योजनाओं और विकास कार्यों को सराहा और कहा कि यह प्रदर्शनी सरकार की नीतियों और आमजन तक पहुंच की स्पष्ट झलक देती है।
केंद्र सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियां
मंत्री कृष्ण बेदी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा किए गए कार्यों को ‘ऐतिहासिक’ बताया। उन्होंने कहा कि बीते 11 वर्षों में देश भर में विकास की बयार चली है। हरियाणा में भी इसका असर साफ दिखता है न केवल इंफ्रास्ट्रक्चर और हाईवे कनेक्टिविटी में बढ़ोतरी हुई है, बल्कि आम आदमी को भी सीधे लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में बिना पर्ची और बिना खर्ची के हजारों युवाओं को रोजगार मिला है। पहले ट्रांसफर एक बड़ा भ्रष्टाचार का जरिया था, लेकिन आज ऑनलाइन ट्रांसफर नीति से पारदर्शिता आई है।
बेदी ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। आज हरियाणा में सरकार 24 फसलों की एमएसपी पर खरीद कर रही है और फसल की पेमेंट महज 24 घंटे के भीतर किसानों के खातों में ट्रांसफर कर रही है। यह परिवर्तन किसानों के जीवन में असली बदलाव लाने वाला साबित हुआ है।
पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा पर कटाक्ष
मंत्री बेदी ने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा को लेकर कहा कि हुड्डा की टेंशन अब खुद कांग्रेस पार्टी भी नहीं ले रही। वे रोज खुद को नेता प्रतिपक्ष घोषित करते रहते हैं लेकिन पार्टी के अंदर ही उन्हें कोई तवज्जो नहीं देता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इनेलो ने 2014 से पहले प्रदेश को डर और भ्रष्टाचार के माहौल में जकड़ रखा था। शिक्षित युवा भी रोजगार पाने के लिए अपनी जमीन और जेवर बेचने को मजबूर थे।
नायब सिंह सैनी की तुलना बाबा साहब अंबेडकर से
मंत्री बेदी ने एक बार फिर से सीएम नायब सिंह सैनी की तुलना संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर से की। उन्होंने कहा कि जिस सीएम ने करोड़ों गरीबों के मुंह में निवाला डाला हो, जो बंधन गरीब के गले की फांस बने थे उन्हें तोड़ा हो, उसकी तुलना डॉ. अंबेडकर से करना गलत नहीं है। बाबा साहब ने कहा था कि गरीब का हक गरीब तक पहुँचना चाहिए यही काम सैनी जी कर रहे हैं। उन्होंने इस पर उठे विरोधों पर भी प्रतिक्रिया दी कि कुछ लोगों को गरीब और पिछड़े वर्ग के बेटे का सीएम बनना रास नहीं आ रहा। अब ये मरोड़ 2029, 2034 और 2047 तक भी बनी रहेगी।
हिसार यूनिवर्सिटी लाठीचार्ज मामला
हिसार यूनिवर्सिटी में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के सवाल पर मंत्री बेदी ने कहा कि यह मामला मुख्यमंत्री के संज्ञान में है और जल्द ही इसका समाधान किया जाएगा।