Advertisement
Advertisement
होम / Krishan Lal Panwar on Congress: “कांग्रेस ने सदा ही दलितों का अपमान…”, कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने राहुल गांधी के दलित की राजनीति पर किया कटाक्ष

Krishan Lal Panwar on Congress: “कांग्रेस ने सदा ही दलितों का अपमान…”, कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने राहुल गांधी के दलित की राजनीति पर किया कटाक्ष

BY: • LAST UPDATED : July 19, 2025
Inkhabar Haryana, Krishan Lal Panwar on Congress: हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पवार ने चंडीगढ़ में एक विशेष बातचीत के दौरान कांग्रेस पार्टी और उसके शीर्ष नेताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी केवल दलित राजनीति करने के लिए संवेदनशील मुद्दों को तूल देते हैं, जबकि वास्तव में कांग्रेस ने सदैव दलितों का अपमान किया है।

हिसार कांड पर सीएम की ओर से सख्ती

हिसार में हुए एक संवेदनशील मामले को लेकर कृष्ण लाल पवार ने कहा कि सीएम नायब सैनी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि इस मामले की गहन जांच होगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार कानून के राज में विश्वास रखती है और अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

कांग्रेस और राहुल गांधी पर सीधा हमला

कृष्ण लाल पवार ने राहुल गांधी पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस केवल दिखावटी राजनीति करती है। कांग्रेस ने हमेशा दलितों का राजनीतिक इस्तेमाल किया है, जबकि भारतीय जनता पार्टी दलितों के सशक्तिकरण के लिए ज़मीनी स्तर पर कार्य कर रही है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जब हुड्डा सत्ता में थे, तब हरियाणा में कानून व्यवस्था की स्थिति अत्यंत खराब थी। आज भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था सशक्त और नियंत्रित है।

Advertisement

E-लाइब्रेरी योजना का हुआ खुलासा

राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल के बारे में जानकारी देते हुए मंत्री पवार ने बताया कि प्रदेश सरकार जल्द ही “अटल ई-लाइब्रेरी” की शुरुआत करने जा रही है। यह योजना हरियाणा के ग्रामीण इलाकों में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग 2000 स्थान चिह्नित किए जा चुके हैं जहां ई-लाइब्रेरी स्थापित की जाएंगी। मेरी मुख्यमंत्री से बातचीत हुई है कि 15 अगस्त को इस योजना का उद्घाटन किया जाए ताकि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हमारे बच्चों को पढ़ने के लिए एक नया मंच मिल सके।

राज्यपाल के स्वागत की जिम्मेदारी

बातचीत के अंत में कृष्ण लाल पवार ने बताया कि हरियाणा के नवनियुक्त राज्यपाल आज चंडीगढ़ पहुंच रहे हैं, जिनके स्वागत की जिम्मेदारी स्वयं मुख्यमंत्री की ओर से उन्हें सौंपी गई है। वह आज चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर राज्यपाल का स्वागत करेंगे।