Advertisement
Advertisement
होम / Krishanlal Panwar: नायब के इस मंत्री ने आधी रात में मारा छापा, अवैध खनन करने वालों की आई शामत!

Krishanlal Panwar: नायब के इस मंत्री ने आधी रात में मारा छापा, अवैध खनन करने वालों की आई शामत!

BY: • LAST UPDATED : January 1, 2025
Inkhabar Haryana, Krishanlal Panwar: पंचायत एवं खनन मंत्री कृष्णलाल पंवार ने अवैध खनन के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए 31 दिसंबर की रात 12 बजे पानीपत के थर्मल पावर प्लांट स्थित राखी झील पर छापा मारा। अवैध खनन की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद उन्होंने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

अवैध खनन पर मंत्री का एक्शन

मंत्री पंवार ने रात 11 बजे थर्मल चौकी पुलिस के साथ झील का निरीक्षण शुरू किया। वहां उन्होंने पाया कि बिना नंबर प्लेट के ट्रॉले राख भरकर ले जा रहे थे। इस दौरान हर पांच मिनट में एक ट्रॉला झील से भरकर रवाना हो रहा था। मंत्री ने इस स्थिति पर कड़ा संज्ञान लेते हुए तुरंत पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।

10 ट्रॉले जब्त, पुलिस तैनात

पुलिस ने मौके पर एक घंटे के भीतर 10 ट्रॉलों को जब्त कर लिया। जांच में पाया गया कि ड्राइवरों के पास न तो वजन की पर्ची थी और न ही जीएसटी दस्तावेज। इसके बाद मंत्री ने निर्देश दिया कि भविष्य में अवैध खनन रोका जाए, इसके लिए पुलिस को झील पर तैनात कर दिया गया।

Advertisement

कंपनी अधिकारी से बात

झील से राख उठाने का ठेका श्री सीमेंट कंपनी को दिया गया है। मंत्री पंवार ने मौके से ही कंपनी के अधिकारी देवेंद्र माथुर से फोन पर बात की। माथुर ने बताया कि उनकी कंपनी दिन में केवल 8 गाड़ियां राख उठाने का कार्य करती है। मंत्री ने अधिकारी को अवैध खनन की जानकारी दी और सख्त कदम उठाने को कहा।

अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस

मंत्री पंवार ने कहा कि अवैध खनन की शिकायतें लगातार आ रही थीं, इसलिए उन्होंने स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि राखी झील पर हर पांच मिनट में डंपर राख भरकर जा रहे थे। यह गंभीर मामला है। हमने 10 डंपरों को जब्त किया है और पुलिस को तैनात कर दिया है। किसी भी सूरत में अवैध खनन नहीं होने दिया जाएगा।