Advertisement
Advertisement
होम / Kumari Selja: “हत्या, लूट, डकैती, रेप, रंगदारी, छेड़छाड़ को लेकर हरियाणा पर उठने लगी है उंगलियां”- कुमारी सैजला

Kumari Selja: “हत्या, लूट, डकैती, रेप, रंगदारी, छेड़छाड़ को लेकर हरियाणा पर उठने लगी है उंगलियां”- कुमारी सैजला

BY: • LAST UPDATED : January 6, 2025
Inkhabar Haryana, Kumari Selja: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री और सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने हरियाणा में बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा, जो कभी अपने देसी खानपान, दूध-दही और पहलवानों के लिए जाना जाता था, अब हत्या, लूट, डकैती, बलात्कार, छेड़छाड़ और रंगदारी जैसे अपराधों के कारण बदनाम हो रहा है। उन्होंने राज्य में तेजी से बढ़ते गैंगस्टर कल्चर पर गहरी चिंता व्यक्त की और इसे पंजाब की तर्ज पर हरियाणा में बढ़ती हुई आपराधिक प्रवृत्ति बताया।

हरियाणा में अपराधों की भयावह तस्वीर

कुमारी सैलजा ने कहा कि राज्य में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के खिलाफ अपराधों में तेज़ी आई है। उन्होंने 2024 के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि दुष्कर्म के 1,431 मामले दर्ज हुए, जबकि 112 मामलों में दुष्कर्म का प्रयास किया गया। महिलाओं से छेड़छाड़ की 1,400 से अधिक घटनाएं हुईं, लेकिन यह केवल दर्ज आंकड़े हैं। पुलिस द्वारा कई मामले दर्ज ही नहीं किए जाते।

हत्या और वाहन चोरी की घटनाओं पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि 2024 में 950 हत्याएं और वाहन चोरी के 15,577 मामले दर्ज हुए। रंगदारी की 416 वारदातें सामने आईं, जहां व्यापारियों और उद्योगपतियों को धमकी देकर पैसे वसूले गए। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा में न व्यापारी सुरक्षित हैं और न ही उद्योगपति। अपराधियों ने पुलिस को चुनौती देते हुए गोलियां चलाकर दहशत फैलाई है।

Advertisement

गैंगस्टर कल्चर का बढ़ता प्रभाव

कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा में पहली बार पंजाब की तर्ज पर गैंगस्टर कल्चर बढ़ा है। अपराधी वारदात के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी लेते हैं और पुलिस को चुनौती देते हैं। इसके बावजूद पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रहती है। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा का युवा अपराध के दलदल में फंसता जा रहा है, जो राज्य के लिए बड़ी चिंता का विषय है।

महिलाओं की सुरक्षा के दावे खोखले

कुमारी सैलजा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” केवल नारेबाजी बनकर रह गया है। सरकार महिलाओं की सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं पर हो रहे अत्याचार हरियाणा को शर्मसार कर रहे हैं और एनसीआरबी की रिपोर्ट ने राज्य की भयावह स्थिति को उजागर किया है।

प्रियंका गांधी के खिलाफ भाजपा नेता राकेश बिधूड़ी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कुमारी सैलजा ने इसे नारी शक्ति का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणी भारतीय संस्कृति और संस्कारों के खिलाफ है। सैलजा ने कहा कि प्रियंका गांधी वह आवाज हैं, जिसने हमेशा नारी सम्मान के लिए संघर्ष किया है। भाजपा को इस अपमानजनक टिप्पणी के लिए माफी मांगनी चाहिए।

सरकार को ठोस कदम उठाने की सलाह

कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा में बढ़ते अपराधों को रोकने और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सरकार को तुरंत ठोस कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यदि स्थिति को नियंत्रण में नहीं लिया गया तो यह राज्य के लिए गंभीर चुनौती बन सकती है।