Inkhabar Haryana, Kumari Selja: हरियाणा में राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ती जा रही हैं। कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने करनाल में एक प्रेसवार्ता के दौरान पार्टी की मजबूती और एकजुटता पर जोर दिया। उन्होंने पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त नेताओं के निष्कासन का समर्थन किया और प्रदेश में विकास की राजनीति पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा के सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि पार्टी को किसी एक परिवार तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें हरियाणा के विकास की बात करनी चाहिए, न कि कांग्रेस पार्टी की आंतरिक राजनीति पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
हरियाणा कांग्रेस कमेटी ने हाल ही में 7 नेताओं को निष्कासित कर दिया। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि पार्टी ने इन नेताओं को पहचान और अवसर दिया था, लेकिन वे सत्ता पक्ष की ओर चले गए। उन्होंने कहा कि पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करना आवश्यक था।
जब उनसे पूछा गया कि कांग्रेस का संगठन पिछले 10 वर्षों से प्रभावी रूप से नहीं बन पाया है, तो क्या बिना संगठन के नगर निकाय चुनाव जीत पाएंगे, इस पर सैलजा ने कहा कि यह चुनाव स्थानीय स्तर पर लड़ा जा रहा है और कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि संगठन पहले ही बन जाना चाहिए था, लेकिन नए प्रभारी के नेतृत्व में जल्द ही इसे मजबूत किया जाएगा।
कुमारी सैलजा ने करनाल में कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी मनोज वाधवा और अन्य पार्षद उम्मीदवारों के समर्थन में कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव लड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि मनोज वाधवा जनता के बीच लोकप्रिय हैं और उनकी कार्यशैली को सभी ने देखा है।